उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

Delhi Blast: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका, 10 की मौत और सात घायल; देखे Video

Delhi Blast: सोमवार की शाम अचानक आई तेज आवाज, चारों ओर आग और धुआं...

Delhi Blast: दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम करीब सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट में दस लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। एनआईए की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा गया है।

पीएम मोदी ने भी व्यक्त की संवेदनाएं

पीएम मोदी ने कहा, आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।

गृह मंत्री बोले- सभी संभावनाओं की करेंगे जांच

आज शाम करीब 7 बजे, दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में धमाका हुआ। इस विस्फोट में कुछ राहगीर घायल हुए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया, आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी से भी बात की है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी मौके पर मौजूद हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पूरी जांच करेंगे। सभी विकल्पों की तुरंत जाँच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे। मैं शीघ्र ही घटनास्थल पर जाऊँगा और अस्पताल भी जाऊंगा।

लाल किला मेट्रो स्टेशन के दो गेट बंद

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके के बाद अभी गेट नंबर -1 व चार बंद हैं। एक नंबर मेट्रो गेट चांदनी चौक और चार नंबर लाल किला की तरफ जाता है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट के बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से नमूने लिए हैं। मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा, लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को चांदनी चौक बाजार बंद रहेगा।

बता दें कि लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे ज्यादा व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके में शामिल है। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *