उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी में कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ पदयात्रा’, 17 फरवरी को विधानसभा का घेराव

यूपी में कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ पदयात्रा’, 17 फरवरी को विधानसभा का घेराव

लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आवाह्न पर उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रदेशव्यापी ‘मनरेगा बचाओ पदयात्रा’ पूरे प्रदेश में संपन्‍न हुई। प्रदेश के सभी जनपदों में मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी आन्दोलन की रूपरेखा के अनुसार मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सोमवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में मनरेगा बचाओ पदयात्रा की गई। वहीं, 17 फरवरी को विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया गया है।

लखनऊ की मनरेगा बचाओ पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय स्वयं शामिल रहे। राजधानी में मनरेगा बचाओ पदयात्रा की शुरुआत काकोरी शहीद स्मारक पर वीर अमर शहीदों की मूर्तियों पर माल्यार्पण के उपरांत शुरू हुई। शहीद स्मारक से हरदोई रोड, दुर्गागंज चौराहा, काकोरी कस्बा होते हुए टाउन एरिया, ग्राम दसदोई, ग्राम जमलापुर चौराहा, ग्राम कर्झन मोड़ होते हुए भलिया चौराहे पर समापन हुआ।

मजदूरों के हक की लड़ाई अंतिम समय तक लड़ेंगे

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि जननायक राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी का यह प्रण है कि ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों के आर्थिक और सामाजिक हक की इस लड़ाई को अंतिम समय तक लड़ेंगे। पदयात्रा में पूर्व मंत्री राजबहादुर, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष शिव पांडेय, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी लखनऊ दक्षिणी के अध्यक्ष डॉ. शहजाद आलम एवं शहर कांग्रेस कमेटी लखनऊ उत्तरी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, मुकेश सिंह चौहान पार्षद, अमीर हैदर, प्रमोद सिंह, ओंकार नाथ सिंह, विजय बहादुर, डॉ. जियाराम वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों के साथ ही मनरेगा श्रमिक शामिल हुए।

यूपी कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में आज मनरेगा बचाओ पदयात्रा संपन्‍न हुई। हर जनपद में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और मनरेगा श्रमिकों ने अपनी व्यापक पैमाने पर भागीदारी सुनिश्चित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *