-
-मतदाता सूची में नहीं होने दी जाएगी हेराफेरी: अजय राय
लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रभारी उप्र अविनाश पाण्डेय की उपस्थिति एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में प्रदेश के प्रयाग जोन के अंतर्गत आने वाले जनपद (वाराणसी, गाजीपुर, चन्दौली, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, कौशाम्बी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर) के जिला/शहर अध्यक्ष एवं कोऑर्डिनेटरों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उप्र कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, निवर्तमान प्रदेश महासचिव अनिल यादव, इन्चार्ज वॉर रूम संजय दीक्षित उपस्थित रहे।
अहमदाबाद अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी द्वारा वर्ष 2025 को संगठन सृजन का वर्ष घोषित किया गया है। इसी क्रम में उप्र में अविनाश पाण्डेय एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रदेश में संगठन निर्माण के लिए एक चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम घोषित किया गया था। अविनाश पाण्डे ने कहा कि पिछने छह दिनों की समीक्षा बहुत ही उत्साहवर्धक रही। वर्ष 2025 जो संगठन सृजन का वर्ष निर्धारित किया गया है, वर्ष समाप्त होने से पूर्व ही प्रदेश में पांच स्तरीय संगठन सृजन का कार्य पूर्णं कर लिया जायेगा और इसी संगठन को हथियार बनाकर कांग्रेस पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बार एक साथ कई रणनीतियों पर कार्य करने का फैसला लिया है और इस पर आगे बढ़ रही है, जिसमें बूथ स्तर तक संगठन का निर्माण करना, मतदाता सूचियों को सही कराना एवं प्रदेश की जनता से जुडे़ मुद्दों पर भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करना आदि शामिल हैं।