उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में बुलडोजर एक्शन पर सुप्रिया ऐरन बोलीं- मेयर, MP-MLA सब सत्ता के मद में चूर हैं

बरेली में बुलडोजर एक्शन पर सुप्रिया ऐरन बोलीं- मेयर, MP-MLA सब सत्ता के मद में चूर हैं

बरेली: कोहाड़ापीर से लेकर धर्मकांटे तक हुई बुलडोजर की कार्रवाई के दो दिन बाद गुरुवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। इस दौरान सपा नेताओं ने उन सभी व्यापारियों से मुलाकात की, जिनके प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चला था। सपा ने साफ चेतावनी दी है कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी उनके हक के लिए हर बड़े आंदोलन को तैयार है।

पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इतने सालों से ये लोग यहां रह रहे हैं, व्यापार कर रहे हैं और सभी टैक्स दे रहे हैं। तो आखिर अब अचानक से नगर निगम ने इन सभी की रोजी रोटी पर बुलडोजर चला दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि मेयर, एमपी, एमएलए इतने सालों से क्या कर रहे थे? ये सभी सत्ता के मद में चूर हैं। इतना बुरा हाल है कि कोई भी नियम कानून को फॉलो नहीं किया जा रहा है।

वर्षों पुरानी दुकानों को तोड़ना सरासर गलत

सुप्रिया ऐरन ने कहा कि आजादी के पहले से रोजगार चला रहे व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को अवैध बताकर तोड़ा जाना सरासर गलत है। बिना कोई विकल्प दिए इतनी बड़ी विध्वंसक कार्यवाही नाकाबिले बर्दाश्त है।

वहीं, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि जिन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को तोड़ा गया उन पर सभी जरूरी कागजात के साथ बीडीए का पास नक्शा तक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम यहाँ 1920 का नक्शा दिखाकर बुलडोजर चला रहा है। यह व्यापारियों का उत्पीड़न है। क्या 1920 से लेकर 2026 तक इन्हें अतिक्रमण नहीं दिखा? जब नगर निगम बिजली बिल और जल-कल टैक्स ले रहा है, तो निर्माण को अवैध बताना गलत है।

देरी पर कहा कि हम जानकारी जुटा रहे थे

शमीम खां ने कहा कि हम सूचनाओं को एकत्र कर रहे हैं और डीएम के माध्यम से मुआवजे की मांग करेंगे। देरी पर उन्होंने कहा कि हम पूरी जानकारी और साक्ष्यों के साथ व्यापारियों की मदद करना चाहते थे, इसलिए डेटा जुटा रहे थे।

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, पूर्व प्रत्याशी राजेश अग्रवाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य संजीव सक्सेना व सूरज यादव, डॉक्टर अनीस बेग, महानगर उपाध्यक्ष राजेश मौर्या, उपाध्यक्ष दिनेश यादव, राम प्रकाश यादव, अनुज गंगवार, निवर्तमान जिला महासचिव संजीव यादव, जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव, प्रमोद बिष्ट व कोषाध्यक्ष अशोक यादव शामिल रहे। महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने बताया कि आज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित व्यापारियों से मिला है, जल्द ही आला अधिकारियों से मिलकर व्यापारियों को न्याय दिलाया जाएगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *