पौड़ी गढ़वाल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (07 दिसंबर) को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल पहुंचे। यहां उन्होंने कोटद्वार में अपनी बड़ी बहन कौशल्या देवी को ढांढस बंधाया और बहनोई ओम प्रकाश सिंह रावत के निधन पर शोक संवेदना जताई। बताते चलें कि ओम प्रकाश रावत, कोटद्वार के गाड़ी घाट, सिद्धबली रोड के निवासी थे। वे आर्मी में ऑफिस लाइन (MT) से रिटायर्ड थे।
ओम प्रकाश के तीन बच्चे हैं- दो बेटियां और एक बेटा है। सभी की शादी हो गई है। उनकी 02 दिसंबर को जॉली ग्रांट हॉस्पिटल में मौत हो गई थी। वे बीमार थे। सांस लेने में तकलीफ थी। अंतिम संस्कार में योगी नहीं जा पाए थे।
इस साल दूसरी बार बहन से मिले सीएम योगी
इस साल में दूसरी बार है, जब योगी आदित्यनाथ अपनी बहन से मिले। इससे पहले 6 और 7 फरवरी को अपने पैतृक गांव पंचूर में शादी समारोह के दौरान सीएम अपनी बहन से मिले थे। योगी ने सिद्धबली बाबा के दर्शन भी किए।
सीएम योगी ने किए सिद्धबली बाबा के दर्शन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोटद्वार में स्थित सिद्धबली बाबा के दर्शन किए। सिद्धबली बाबा में वार्षिक अनुष्ठान चल रहा है और रविवार को अंतिम दिन है। इसके बाद वह अपनी बड़ी बहन कौशल्या देवी के घर पहुंचे। योगी दोपहर दो बजकर करीब 35 मिनट पर अलीगढ़ से हेलिकाप्टर के जरिए कोटद्वार के ग्रास्टनगंज हैलिपेड पर उतरे।
इसके बाद सीएम योगी का काफिला सिद्धबली बाबा के मंदिर की ओर गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह अपनी बड़ी बहन कौशल्या देवी के घर की ओर रवाना हो गए। इसके बाद वह अपनी बड़ी बहन कौशल्या देवी के आवास में पहुंचे। यहां योगी ने अपनी बड़ी बहन को सांत्वना दीं।
सीएम योगी के लिए गाड़ियों की आवाजाही को रोका
सीएम योगी के कोटद्वार आगमन से पूर्व ही पौड़ी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद कर दी थी। मुख्यमंत्री के मंदिर प्रांगण में पहुंचने से कुछ देर पहले ही एक क्षेत्र को खाली कराते हुए सुरक्षा घेरा बना लिया गया था। इस दौरान प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से गाड़ीघाट क्षेत्र में भी कुछ मार्गों पर रूट डायवर्ट किया हुआ था। कई जगहों पर अवरोधक रखे थे और गाड़ियों की आवाजाही को रोका गया था।
योगी आदित्यनाथ के कार से उतरते ही लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत ने उनका अभिवादन किया। महंत दिलीप रावत योगी आदित्यनाथ को बाबा के दर्शन के लिए लेकर गए।