बागपत: कोऑपरेटिव शुगर मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी (CCO) राजदीप बालियान को बुधवार (01 मार्च) को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। गन्ना तौल लिपिक ने राजदीप बालियान पर गन्ना क्रय केंद्र पर ड्यूटी लगाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। लिपिक विशेष कुमार ने इस संबंध में मेरठ एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी।
शिकायत के बाद टीम ने जाल बिछाया और मुख्य गन्ना अधिकारी को उनके कार्यालय से रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा। राजदीप बालियान को खींचते हुए एंटी करप्शन टीम कोतवाली ले गई, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लिपिक से कहा– पैसे दो वरना चौकीदारी करवाऊंगा
शिकायकर्ता विशेष कुमार ने बताया कि उन्होंने मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान से गन्ना माप-तौल केंद्र पर ड्यूटी लगाने की मांग की थी। लेकिन राजदीप ने उनसे 15 हजार की रिश्वत मांगी। धमकी दी थी- अगर पैसे नहीं दिए तो नौकरी गन्ना मिल के गेट पर लगा दूंगा। तुझसे चौकीदारी करवाउंगा। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे मेरठ से एंटी करप्शन की 7 सदस्यीय टीम डीएम कार्यालय से 4 किलोमीटर दूर गन्ना मिल में स्थित मुख्य गन्ना अधिकारी के कार्यालय पहुंची। टीम सिविल ड्रेस में थी।
टीम ने मुख्य गन्ना अधिकारी को रंगे-हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही विशेष कुमार ने राजदीप को 15 हजार रुपये थमाए, वैसे ही टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम उन्हें पकड़कर कोतवाली ले गई। फिलहाल, टीम कोतवाली में आरोपी से पूछताछ कर रही है। इसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर टीम उन्हें मेरठ ले जाएगी। टीम ने बताया- आरोपी अधिकारी के कार्यालय में कार्यरत गन्ना तौल लिपिक विशेष कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।