बरेली: आंवला विधानसभा क्षेत्र के आंवला नगर में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाना है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान, एलपीजी वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति और उपभोक्ताओं को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। मंत्री ने गैस वितरण में किसी भी अनियमितता को रोकने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग की है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए और होम डिलीवरी के सिद्धांत को सख्ती से लागू किया जाए, जिससे पक्षपात या कालाबाजारी की कोई गुंजाइश न रहे।
उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें गैस एजेंसियां
गैस एजेंसियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल समाधान करें और शिकायतों को लंबित न रखें। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी एजेंसी द्वारा एलपीजी वितरण में गड़बड़ी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि आंवला में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और कंपनियों को मांग के अनुरूप पर्याप्त आपूर्ति मिल रही है। इसी तरह, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी तेल कंपनियों द्वारा मांग के सापेक्ष की जा रही है। अधिकारियों ने आंवलावासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक भंडारण न करें और अफवाहों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि जितनी आवश्यकता हो उतना ही ईंधन लें, क्योंकि आपूर्ति में किसी तरह की कोई कमी नहीं है।