BSP Uma Shankar Singh: यूपी में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर इनकम टैक्स विभाग की टीम के छापे की सूचना सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि तीन दर्जन से ज्यादा अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में जुटे हैं. सुबह से चल रही इस छापेमारी के दौरान आवास के बाहर हलचल और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है.
जानकारी के अनुसार बसपा विधायक के आवास पर आयकर विभाग की टीम सुबह करीब सात बजे पहुंची और परिसर को घेरते हुए अंदर-बाहर की आवाजाही सीमित कर दी गई. सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग कुछ वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है. इसके साथ ही छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने घर के भीतर मौजूद फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया. माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कई घंटों तक चलने की संभावना है. हालांकि विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं.