उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में टैंकर में घुसी बोलेरो के उड़े चिथड़े, गाड़ी काटकर निकाले शव; पांच लोगों की मौत

बरेली में टैंकर में घुसी बोलेरो के उड़े चिथड़े, गाड़ी काटकर निकाले शव; पांच लोगों की मौत

बरेली: शहर में हाइवे किनारे खड़े टैंकर से तेज रफ्तार बोलेरो टकरा गई और उसी में पीछे से आ रही बाइक घुस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि आधी बोलेरो खत्म हो गई। उसकी छत उड़ गई। गाड़ी को काटकर तीन शव निकाले गए, जबकि दो बाइक सवारों ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक गंभीर घायल है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

बोलेरो लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही थी। यहां रोडवेज बस से टैंकर की टक्कर हुई थी, जिसके बाद टैंकर को सड़क किनारे खड़ा कराया गया था। उसी टैंकर की चपेट में बोलेरो और बाइक आ गई। हादसा रविवार दोपहर 3 बजे सीबीगंज थाना क्षेत्र में परधोली गांव के पास हुआ। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।

पढ़िए पूरा मामला

फरीदपुर से रामपुर की तरफ बोलेरो जा रही थी। बोलेरो में ड्राइवर समेत छह लोग सवार थे। इसमें बरेली के टांडा-सिकंदरपुर निवासी मनमोहन सिंह, उनके रिश्तेदार पीलीभीत के कल्याणपुर चकतीर्थ निवासी सिकंदर पुत्र दुर्गेश कुमार और परिवार के दूसरे लोग थे। बोलेरो को ड्राइवर प्रिंस चला रहा था। हादसे में मनमोहन सिंह, सिकंदर और एक अन्य बोलेरो सवार की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और दो बच्चे हादसे घायल हैं।

बाइक पर बरेली के अटा कायस्थान के रहने वाले साहबजाद खां (45) और उसी मोहल्ले के मुमताज खां सवार थे। दोनों मछली पकड़ने तालाब जा रहे थे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मौके पर एसपी सिटी मानुष पारीक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उस क्षतिग्रस्त टैंकर को क्रेन की मदद से रास्ते से हटाया गया।

हादसे की वजह ओवरटेकिंग

एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि नेशनल हाइवे 530 सीबीगंज थाना क्षेत्र के परदौली में दोपहर करीब 3 बजे खड़े टैंकर से बोलेरो टकरा जाने से दुर्घटना हुई है। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। टैंकर रोडसाइड खड़ा था, बोलेरो पीछे से आकर उसमें टकराई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओवरटेकिंग की वजह से ये हादसा हुआ है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *