उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

BJP: बोले पीएम मोदी- मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन मेरे बॉस हैं

BJP: बोले पीएम मोदी- मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन मेरे बॉस हैं

BJP News: नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। नितिन नबीन बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनकी उम्र 45 साल है। इस अवसर पर पीएम मोदी सहित बीजेपी के कई नेता मंच पर मौजूद रहे। पीएम मोदी ने नितिन नबीन को बधाई भी दी। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कई महीनों से संगठन पर्व यानि पार्टी का छोटी सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने तक की प्रक्रिया लोकतांत्रित तरीके से भाजपा के संविधान के तरीकों और उसमें बताई गई हर बात ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी। आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ। मैं देशभर के कार्यकर्ताओं को इस प्रक्रिया को सफल बनाने के  लिए अभिनंदन करता हूं।

‘BJP के सभी पूर्व अध्यक्षों को अभिनंदन’

पीएम मोदी ने कहा, बीते एक डेढ़ वर्षों में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल की 100वीं जन्म जयंती, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष, ऐसे महापर्व हम मनाते रहे हैं। ये वे प्रेरणाएं हैं, जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है। केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए की सरकार बनी। मैं भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं। आप जानते हैं आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतनी ही बड़ी प्राथमिकता कार्यकर्ता के निर्माण की भी है।”

शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा’

पीएम मोदी ने कहा, “अटलजी, आडवाणीजी और मुरली मनोहर जोशीजी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सफर में वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी सहित हमारे कई वरिष्ठ साथियों ने संगठन को विस्तार दिया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित भाई के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं और लगातार दूसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। फिर जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक और सशक्त हुई और लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। मैं भाजपा के पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।”

नितिन नबीन मेरे बॉस’

पीएम मोदी ने कहा, “लोगों को लगता होगा, नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल ये लगातार Head of the Government रहे हैं। ये सब अपनी जगह है, लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है। नितिन नबीन, मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वह मेरे बॉस हैं। नितिन नबीन हम सभी के अध्यक्ष हैं। उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं है, उन्हें एनडीए के साथियों के साथ भी सामंजस्य बनाना है। नितिनजी ने जब जो जिम्मेदारी मिली, तब उन्होंने अपने आप को साबित किया। इस साल जनसंघ की स्थापना के 75 साल पूरे हो रहे हैं। जनसंघ से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जो भी बलिदान दिए है, उनको मैं नमन करता हूं।”

बीजेपी एक संस्कृति है’

उन्होंने कहा, “बीजेपी एक संस्कृति है। बीजेपी एक परिवार है। यहां हमारे रिश्ते सिर्फ़ मेंबरशिप से कहीं ज़्यादा हैं। बीजेपी एक परंपरा है जो प्रोसेस से चलती है, पद से नहीं। हमारे अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन हमारे आदर्श नहीं बदलते। लीडरशिप बदलती है, लेकिन दिशा वही रहती है। बीजेपी की भावना राष्ट्रीय है, क्योंकि हमारा जुड़ाव लोकल है। हमारी जड़ें ज़मीन में गहरी हैं। इसीलिए बीजेपी क्षेत्रीय आकांक्षाओं के लिए एक प्लेटफ़ॉर्म देती है। यह उन्हें राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं की नींव बनाती है, और इसीलिए आज देश के हर कोने से लोग बीजेपी के साथ हैं, बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, और सिर्फ़ इतना ही नहीं, जो भी अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करना चाहता है, उसे बीजेपी में एंट्री पॉइंट सबसे अच्छा और सुरक्षित ऑप्शन लगता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *