उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

BJP ने बंगाल-केरल के लिए जारी की पहली लिस्ट, ममता के खिलाफ भबानीपुर-नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी को टिकट

BJP ने बंगाल-केरल के लिए जारी की पहली लिस्ट, ममता के खिलाफ भबानीपुर-नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी को टिकट

नई दिल्‍ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार (16 मार्च) पश्चिम बंगाल और केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बंगाल की पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर, दोनों जगहों से टिकट दिया है।

दोनों सीटें बंगाल की राजनीति की दो सबसे चर्चित सीटें हैं, जहां बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलती रही है। सुवेंदु अधिकारी ने 2021 विधानसभा चुनाव में ममता को नंदीग्राम सीट से हराया था।

भबानीपुर सीट TMC का मजबूत गढ़

नंदीग्राम में हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर से उप चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री पद बरकरार रखा। वहीं, भबानीपुर सीट TMC का मजबूत गढ़ मानी जाती है। इसलिए इन दोनों सीटों पर TMC और भाजपा की सियासी लड़ाई बंगाल की राजनीति की दिशा तय करने वाली मानी जाती है।

केरल के 47 प्रत्‍याशियों के नाम जारी किए

भाजपा ने केरल में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए 140 में से 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने राज्य के भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से मैदान में उतारा है। चंद्रशेखर 2024 लोकसभा चुनाव में केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस सांसद शशि थरूर से हार गए थे।

पार्टी ने के. सुरेंद्रन को मंजेश्वर सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, नव्या हरिदास को कोझिकोड नॉर्थ से टिकट दिया गया है। इसके अलावा एडवोकेट जॉर्ज कुरियन को कंजिरापल्ली और वी. मुरलीधरन को काझाकूट्टम से उतारा है।

चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों का शेड्यूल घोषित किया था। केरल में 9 अप्रेल को वोटिंग है और नतीजे 4 मई को आएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *