Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार में चुनाव है और सियासत चरम पर है। मतदान में अब कुछ ही दिन बचे हैं और इस बीच दिल्ली से पटना तक राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई है। आज कई चुनावी सभाएं होंगी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन बिहार में जुट चुके हैं। पीएम मोदी ने समस्तीपुर से चुनावी अभियान का आगाज किया। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा नेता जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं की चुनावी सभाएं होंगीं। समस्तीपुर में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,फिर एक बार बनेगी एनडीए सरकार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यहां आने से पहले कर्पूरी ग्राम गया था.. जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करने का सौभाग्य मिला। हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवारों से निकले लोग खड़े हैं.. गरीब और वंचितों को नए अवसरों से जोड़ने का जननायक कर्पूरी ठाकुर की भूमिका बहुत बड़ी रही है, उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिला।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की हो रही प्रशंसा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, इस समय बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की भी बहुत प्रशंसा हो रही है। 10 हजार रुपये की मदद भेजी गई है। त्योहारों के दौरान बिहार के बहनों ने इस राशि से कई तरह के काम भी शुरू कर दिए। किसी ने दीये बनाए, किसी ने खाने का सामान बनाया, किसी ने सूप बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “RJD और कांग्रेस वाले क्या कह रहे हैं और क्या कर रहे हैं ये आपको मुझसे ज्यादा पता है। हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में ये ज़मानत पर चल रहे लोग हैं। जो ज़मानत पर हैं वो चोरी के मामले में ज़मानत पर हैं। अब चोरी की आदत इनकी ऐसी है कि अब ‘जननायक’ की उपाधि की चोरी में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी ठाकुर का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।”