लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) में आज सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक स्ंघ (RSS) के चीफ मोहन भागवत के पहुंचते ही हंगामा शुरू हो गया। एनएसयूआई (NSUI), समाजवादी छात्र सभा और भीम आर्मी से जुड़े छात्रों ने ‘गो बैक मोहन भागवत’ के नारे लगाए। पुलिस ने जब छात्रों को रोकने का प्रयास किया तो उनके बीच नोकझोंक और खींचतान शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को ठूंस-ठूंसकर जीप और बसों में भरा। कई छात्र लेट गए तो उन्हें टांगकर ले जाया गया। सभी छात्रों को इको गार्डन भेजा गया। इसके बाद मोहन भागवत का कार्यक्रम शुरू हुआ।
एनएसयूआई कार्यकर्ता शुभम यादव ने कहा कि संघ से जुड़े लोगों को विश्वविद्यालय में कार्यक्रम करने की अनुमति दी जा रही है, जबकि विपक्षी छात्र संगठनों को हॉल तक नहीं मिलते। यूजीसी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने स्टे दिया है। इसके बावजूद आरएसएस प्रमुख की ओर से कोई बयान नहीं आया है।


लखनऊ में मोहन भागवत का दूसरा दिन
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत दो दिवसीय लखनऊ प्रवास पर हैं। आज लखनऊ यूनिवर्सिटी में संगोष्ठी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम में भाग लेंगे। मंगलवार को निराला नगर में भागवत सरस्वती शिशु मंदिर आयोजित सामाजिक सद्भाव बैठक में शामिल हुए। उन्होंने सामाजिक सद्भाव से जुड़े विषयों पर विभिन्न वर्गों के लोगों के सवालों के जवाब दिए।
वहीं, UGC गाइडलाइंस पर मोहन भागवत ने कहा कि कानून सभी को मानना चाहिए। अगर कानून गलत है, तो उसे बदलने का उपाय भी है। कानून को जातियों के बीच झगड़े का कारण नहीं बनना चाहिए।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने क्या-क्या कहा?
छात्र अहमद ने कहा कि मोहन भागवत जैसे व्यक्ति को देशभर के विश्वविद्यालयों में प्रतिबंधित किया जाना चाहिए, लेकिन यहां उन्हें सम्मान दिया जा रहा है।
गौरी जायसवाल ने कहा कि हमें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। पुलिस छात्रों को रोककर रखे हुए है। हम चाहते हैं कि हमें अंदर जाने दिया जाए। हमसे कहा जा रहा है कि बाद में आइएगा।
प्रदर्शन से पहले ही अलर्ट मोड़ में आई पुलिस
छात्रों के प्रदर्शन से पहले ही पुलिस अलर्ट मोड में आ गई थी। प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका पर पुलिस सुबह पांच बजे ही समाजवादी छात्र सभा के सदस्य तौकील गाजी के हॉस्टल के रूम पर पहुंच गई। उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। समाजवादी छात्र सभा के कई अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया। उन्हें हसनगंज थाना ले गई।