Bareilly: बरेली में यूपी 112 के बेड़े में 16 नई गाड़ियां शामिल कर ली गईं। एसएसपी ने इन्हें हरी झंडी दिखाकर पुलिस लाइन से रवाना किया। नई गाड़ियां आने के बाद पीड़ितों के पास पुलिस के पहुंचने का रेस्पांस टाइम सात मिनट से भी कम होने का दावा किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि यूपी 112 को जो अत्याधुनिक गाड़ियां मिली हैं, उनमें टेबलेट, मैटल डिटेक्टर, बॉडी बैग, रेनकोट, घटना के दौरान किसी स्थान को सुरक्षित करने के लिए यलो टेप व स्टैंड और प्राथमिक चिकित्सा पेटी मौजूद है। पुलिसकर्मियों को इनमें बैठकर ज्यादा सहज अनुभव होगा, साथ ही यह तेज रफ्तार से घटनास्थल की ओर जल्दी पहुंच सकेंगी। चेन स्नेचिंग, लूट, सड़क हादसों और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच सकेगी।
देहात इलाकों में भेजी गाड़ियां, गोल्डन आवर पर फोकस
एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि नई गाड़ियों को भमोरा, आंवला, मीरगंज, शेरगढ़, शीशगढ़ व सिरौली आदि थानों में भेजा गया है। खासतौर से उन इलाकों में गाड़ियां सक्रिय रहेंगी जहां हाईवे पर अक्सर हादसे होते हैं और लोगों को पुलिस की तुरंत मदद की जरूरत होती है। यह घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। किसी घायल को ‘गोल्डन आवर’ में बचाने की कोशिश तेज होगी। यूपी 112 की 85 गाड़ियां अब जिला पुलिस के पास हो गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक इनमें 25 स्कार्पियो, 20 इनोवा व 40 बोलेरो शामिल हैं। नौ स्कार्पियो पहले से बेड़े में शामिल हैं, अब 16 और मिल गई हैं।
रेस्पांस टाइम में और कमी लाएंगे : एसएसपी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में यूपी 112 का पीड़ित या कॉलर के पास पहुंचने का औसत रेस्पांस टाइम इस वक्त 7 मिनट 45 सेकेंड है। शासन से जिले को जो नई गाड़ियां मिली हैं वह बेहद अत्याधुनिक प्रणाली से लैस हैं। इन्हें शामिल करने के बाद रेस्पांस टाइम में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा। शिकायतकर्ता के पास पुलिस और पहले पहुंच सकेगी।