उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

Bareilly: पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी, बन गया दहशत का माहौल

Bareilly: पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी, बन गया दहशत का माहौल

Bareilly: शहर के डीडीपुरम स्थित प्रदर्शनी नगर में पुराने पासपोर्ट कार्यालय में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी सुबह करीब 11:15 बजे पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए एक मेल के जरिए दी गई। मेल पढ़ते ही कार्यालय में मौजूद अधिकारियों के होश उड़ गए और तत्काल पूरे मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। पासपोर्ट बनवाने आए आवेदकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया, जबकि आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया।

बन गया दहशत का माहौल

टीम ने बिल्डिंग के कोने-कोने की सघन तलाशी की। हर कमरे, गलियारे और संदिग्ध जगहों की बारीकी से जांच की गई ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। अचानक हुई इस कार्रवाई और पुलिस की घेराबंदी से पासपोर्ट बनवाने आए लोगों और वहां काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर परिसर से दूर चले गए, जबकि कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी भरे ईमेल के सोर्स का पता लगाया जा रहा है। साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है। फिलहाल पूरे परिसर की गहन चेकिंग की गई है और अभी तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *