उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम ने की सीएम योगी से मुलाकात, विकास और कार्ययोजना पर की चर्चा  

बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम ने की सीएम योगी से मुलाकात, विकास और कार्ययोजना पर की चर्चा  

बरेली: उत्तर प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष और मेयर डॉ. उमेश गौतम ने लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान बरेली के विकास, अतिक्रमण मुक्त अभियान और आगामी योजनाओं को लेकर करीब आधे घंटे तक विस्तृत मंथन हुआ। मुख्यमंत्री ने बरेली में चल रहे कार्यों की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि विकास की गति और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं आनी चाहिए।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री ने न केवल बरेली, बल्कि प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों की स्थिति की जानकारी ली है। जल्द ही मुख्यमंत्री इन सभी निगमों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाना और लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा।

अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस, विकास में आएगी तेजी

सीएम योगी ने बरेली में हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुविधाओं में बाधा डालने वाले अतिक्रमण पर कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए। सीएम ने जोर दिया कि नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार और बुनियादी ढांचों का विस्तार नगर निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुलाकात के दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री को भगवान हनुमान जी की भव्य प्रतिमा भेंट की। डॉ. गौतम ने कहा कि यह भेंट बरेली नगर के विकास के प्रति समर्पण और शुभकामनाओं का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए बरेली के लिए नई परियोजनाओं और बड़ी योजनाओं पर जल्द मोहर लगाने का आश्वासन दिया है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में बरेली विकास के नए आयाम छू रहा है। नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ शहर को सुंदर और सुविधा संपन्न बनाने के लिए काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *