बरेली: बरेली में मंगलवार से शुरू हुई ठिठुरन गुरुवार को और तेज हो गई है। शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चल रहे हैं और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। शहर के अधिकतर इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाया हुआ है। धूप के कोई संकेत नहीं दिख रहे। पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने बरेली के लिए रेड अलर्ट जारी कर रखा है।
कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर तक सिमटी हुई है। हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहन फॉग लाइट जलाकर बेहद सावधानी से चल रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है।
तीसरे दिन भी नहीं निकली धूप
लगातार तीसरा दिन है जब बरेली में सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए हैं। बीते 24 घंटों से कोहरा और बादल छाए हुए हैं। रात और सुबह के वक्त ठंड ज्यादा चुभ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन की ठंड ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिसंबर के मध्य में इतनी लगातार शीतलहर और कोहरा सामान्य नहीं माना जाता।
मौसम विभाग ने घने से अत्यंत घने कोहरे और शीतलहर को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
यातायात सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ दिख रहा है। हाल के दिनों में लगातार फ्लाइट रद्द हो चुकी हैं। मुंबई और बैंगलोर रूट की उड़ानों पर अभी भी संकट बना हुआ है। यात्री अनिश्चित हालात से जूझ रहे हैं। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को ठंड में इंतजार करना पड़ रहा है।
शहर में आठवीं तक के स्कूल बंद
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिले में आठवीं तक के सभी स्कूल 20 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। आदेश का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग साफ कर चुका है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा असर दिखा सकती है।
सर्दी में इन बातों का रखें ध्यान
- अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
- वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।
- बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनाएं।
- गर्म भोजन और गर्म पानी लें।
- तबीयत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।