बरेली: बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद आरोपियों पर पुलिस और प्रशासन का बुलडोजर एक्शन लगातार जारी है। तौकीर रजा के परिवार के सदस्यों के पास से पकड़े गए अवैध चार्जिंग स्टेशन को लेकर 1 करोड़ 26 लाख रुपये की आरसी जारी की गई है। जबकि, शनिवार को मौलाना तौकीर रजा के करीबी डॉ. नफीस के मैरिज हॉल का 70 फीसदी हिस्सा ढहा दिया गया है।
आज यानी रविवार को बाकी का 30 फीसदी हिस्सा भी गिरा दिया जाएगा। साथ ही तौकीर रजा को हिंसा के दौरान शरण देने वाले फरहत की कोठी पर भी बुलडोजर चल सकता है। बरेली विकास प्राधिकरण ने इसे सील कर दिया है।
नदीम खान की दुकानें भी सील
तौकीर की पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खान की नौमहला मस्जिद स्थित चार दुकानों को भी बीडीए ने शनिवार को सील कर दिया। ये सभी दुकानें अवैध तरीके से बनाई गई थीं। आज इन पर भी बुलडोजर चल सकता है। इसी तरह पार्टी के महानगर अध्यक्ष अनीस सकलैनी के ठिकानों को भी पुलिस ने चिह्नित किया है।
सीएम योगी का कड़ा संदेश
शनिवार की कार्रवाई से पूरे शहर में हिंसा के आरोपियों में हड़कंप मचा रहा। रविवार को भी बीडीए और नगर निगम की कार्रवाई जारी रह सकती है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि मौलाना भूल गया कि यूपी में किसकी सत्ता है। उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि पीढ़ियां याद रखें।
अफसरों का बयान- कोई आरोपी बख्शा नहीं जाएगा
- बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि बवाल में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर आरोपी को ढूंढ कर निकालेगी। -रमित शर्मा, ADG
- आरोपियों की संपत्तियां चिह्नित की जा रही हैं। वीडियो और फोटो से उनकी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। अब तक 11 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। -अजय कुमार साहनी, DIG
- आरोपियों की संपत्तियों की जांच चल रही है। यह देखा जा रहा है कि कौन-सा रेजिडेंशियल और कॉमर्शियल निर्माण वैध और कौन-सा अवैध है। -मणिकंदन ए, VC-BDA
- सैलानी मार्केट में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। एक-एक आरोपी चिन्हित कर उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी। -संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
सांसद बर्क बोले- जिनको गिरफ्तार किया गया, उनका दोष क्या?
वहीं, सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा, बरेली में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनका क्या दोष है? जब तक न्यायपालिका जाया जाएगा, तब तक बहुत वक्त गुजर जाएगा। इतने लंबे समय तक वे बेगुनाह लोग जेल में क्यों रहेंगे? अगर पुलिस प्रशासन के पास कोई सबूत है कि उन्होंने कोई कानून तोड़ा है तो वे मीडिया में सबूत पेश क्यों नहीं करते हैं?।
इकरा हसन और नदवी को गाजियाबाद बॉर्डर पर रोका
दिल्ली से बरेली जा रहे मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, कैराना सांसद इकरा हसन, रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को गाजियाबाद बॉर्डर पर रोका गया है। इकरा ने कहा- कल कोई ‘आई लव महादेव’ या ‘आई लव श्रीराम’ लिखेगा तो किसी को आपत्ति नहीं होगी, तो फिर ‘आई लव मोहम्मद’ में क्या गलत है? यह सत्ता का दुरुपयोग और संवैधानिक मूल्यों का हनन है। उत्तर प्रदेश में एक अघोषित इमरजेंसी जैसी स्थिति है। सपा का उद्देश्य सिर्फ पीड़ितों से मिलकर उनकी पीड़ा को समझना और जनता की आवाज उठाना है, लेकिन सरकार डर के कारण रोक रही है।
इकरा हसन ने सुप्रीम कोर्ट से भी संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा, यूपी सरकार बुलडोजर जस्टिस के नाम पर लोगों को प्रताड़ित कर रही है।
अब तक 81 लोगों को पुलिस ने जेल भेजा
पुलिस ने दावा किया था कि बरेली में बवाल करने की साजिश थी। मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा है। बरेली बवाल को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज की गईं। 2500 उपद्रवियों में 200 नामजद किए गए। अब तक उपद्रव करने वाले 81 लोगों को जेल भेजा जा चुका है।