Bareilly: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बरेली पहुंचे। झुमका तिराहे पर कांग्रेसियों ने उनका भव्य स्वागत किया। फिर वह कर्मचारी नगर की कृष्णा होम कॉलोनी पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक बीएलओ सर्वेश गंगवार (सहायक शिक्षक) के घर जाकर उनके परिवार को सांत्वना दी। अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें जानकारी हुई कि शिक्षक सर्वेश की पत्नी की तीन महीने पहले ही कैंसर से मौत हो चुकी है। इनके दो छोटे बच्चे हैं। सरकार ने अभी तक कोई ऐसा आश्वासन नहीं दिया कि इनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधर सके। संवेदना के तौर पर परिवार की मदद करनी चाहिए।
SIR के असहनीय दबाव ने एक और ज़िंदगी ले ली।
मिनी बाईपास, कृष्णा होम कॉलोनी, बरेली में बीएलओ के रूप में कार्यरत सहायक अध्यापक सर्वेश कुमार गंगवार जी के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
कुछ महीने पहले ही उनकी पत्नी का कैंसर से निधन हुआ था… और अब सर्वेश जी भी नहीं रहे।
दो… pic.twitter.com/WPKDZRFQLq
— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) December 1, 2025
एक करोड़ की सहायता राशि दिलाने के लिए उठाएंगे आवाज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मृतक सर्वेश गंगवार के पांच वर्षीय जुड़वा बेटे और बेटी को गोद में लेकर उनके सिर पर हाथ फेरा। उन्होंने कहा, प्रदेश सरकार को न्यूनतम एक करोड़ रुपये की मदद करनी चाहिए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। बच्चों की ताई शशिबाला ने कहा कि छोटा भाई नेट क्वालीफाई है। बच्चों की मां भी गुजर चुकी है। इसलिए मृतक आश्रित में छोटे भाई को नौकरी मिल जाए तो परिवार संभलने की उम्मीद है।
अजय राय ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ कांग्रेस की पूरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जल्दबाजी में लिया फैसला है, जो शिक्षक, लेखपाल और अन्य एसआईआर में जुटे कर्मियों के लिए जी का जंजाल बना है। करीब 15 मिनट घर पर ठहरकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ बरेली जिला और महानगर संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।Bareilly: मृतक बीएलओ के परिवार से मिले अजय राय, सरकार से की मुआवजे की मांग