Ayodhya: वर्ष प्रतिपदा के शुभ अवसर में आज यानी गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर एक नए इतिहास का साक्षी बनेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंदिर के द्वितीय तल पर अभिजीत मुहूर्त में 11:55 बजे श्रीराम यंत्र की स्थापना और पूजन करेंगी। समारोह का साक्षी बनने के लिए करीब सात हजार मेहमान मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति का आगमन सुबह लगभग 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होगा। यहां से वह सड़क मार्ग से आद्य शंकराचार्य द्वार (गेट नंबर 11) के जरिये मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगी। अयोध्या में उनका प्रवास लगभग चार घंटे का रहेगा। श्रीराम यंत्र पूजन के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ और तीन आचार्य उपस्थित रहेंगे। श्रीराम यंत्र स्थापना के बाद राष्ट्रपति प्रथम तल पर विराजमान राम परिवार का दर्शन-पूजन एवं आरती करेंगी।
इसके बाद वह सप्तमंडपम में स्थापित महर्षि वाल्मीकि, माता शबरी और निषादराज के मंदिरों में दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों से भी संवाद कर सकती हैं। केरल की धर्मगुरु माता अमृतानंदमयी और दत्तात्रेय होसबोले भी समारेाह में शामिल रहेंगे। राष्ट्रपति दोपहर तीन बजे तक मंदिर परिसर में रहेंगी। समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु इस दिव्य क्षण से जुड़ सकेंगे।
13 जोन और 37 सेक्टर में बांटी गई सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति के आगमन पर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को 13 जोन और 37 सेक्टर में बांटी गई है। एसपी/एएसपी स्तर के अधिकारी को जोन व सीओ व निरीक्षकों को सेक्टरों का नोडल बनाया गया है। उच्चाधिकारी जोन और सेक्टरों की निगरानी कर रहे हैं। राम मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या दौरा होना है। वह लगभग चार घंटे तक अयोध्या में मौजूद रहेंगी। इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट, उनकी फ्लीट के मार्ग, राम मंदिर परिसर, राम मंदिर में परकोटा, सभा स्थल, अतिथियों के आने के मार्ग, रूफटॉप, आंतरिक मार्गों के डायवर्जन की व्यवस्था, हनुमानगढ़ी मंदिर, हेलीपैड रामकथा पार्क व अयोध्या धाम की कानून व मार्ग व्यवस्था को अलग-अलग जोन में बांटा गया है।
तीन हजार सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा
आयोजन को लेकर सभी जोन और सेक्टरों में सुरक्षाकर्मियों का जाल बिछाया गया है। सभी जगहों पर लगभग तीन हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 18 एसपी/एएसपी, 33 सीओ, 130 निरीक्षक, 400 उप निरीक्षक, 50 महिला उपनिरीक्षक, 1800 आरक्षी व महिला आरक्षी, 90 यातायात पुलिस, 550 मुख्य आरक्षी और यातायात आरक्षी शामिल हैं। आयोजन के दौरान सुरक्षा घेरा अभेद्य करने के लिए सिविल पुलिस के अलावा छह कंपनी पीएसी लगाई गई है। इसके अलावा एटीएस की दो व एनएसजी स्नाइपर कमांडो भी लगाए गए हैं, जो पलक झपकते ही किसी तरह की परिस्थिति से निपटने को तैयार रहेंगे। इन सभी सुरक्षाकर्मियों को आयोजन से तीन घंटे पहले से आयोजन की समाप्ति तक डटे रहने के निर्देश दिए गए हैं।