स्पोर्ट्स डेस्क: एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने जीत के साथ शुरुआत की। टीम ने अपने पहले मैच में UAE को सिर्फ 57 रन पर ऑलआउट कर दिया। जवाब में 4.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। इस तरह भारत ने किसी टी-20 मैच में गेंदें बाकी रहने के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बनाया।
इसके अलावा UAE का 57 रन का स्कोर भारत के खिलाफ इस फॉर्मेट में किसी भी टीम का सबसे छोटा टोटल है। इतना ही नहीं यह UAE का अब तक का लोएस्ट स्कोर भी साबित हुआ। मैच में बने तमाम रिकॉर्ड और रोचक मोमेंट्स के बारे में आगे विस्तार से पढ़िए…
भारत की बॉल बाकी रहते हुए सबसे बड़ी टी-20 जीत
भारत ने 93 बॉल रहते UAE को हराया, यह टी-20 में भारत की गेंदें बाकी रहने के लिहाज से सबसे बड़ी जीत रही। भारत का पिछला रिकॉर्ड मैच में 81 बॉल बाकी रहते जीत हासिल करने का था। टीम ने 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ दुबई में ही यह कारनामा किया था।
टेस्ट खेलने वाले देशों की टी-20 में यह गेंदें बाकी रहते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत है। 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप में एंटीगा के मैदान पर इंग्लैंड ने ओमान को 19 गेंद में ही हरा दिया था। तब मैच में 101 गेंदें बाकी रह गई थीं। इस रिकॉर्ड में तीसरे नंबर पर श्रीलंका है, जिसने 2014 के वर्ल्ड कप में चट्टोग्राम के मैदान पर नीदरलैंड को 90 गेंदें बाकी रहते हरा दिया था।

UAE ने भारत के खिलाफ लोएस्ट टी-20 टोटल बनाया
UAE की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 57 रन पर ही सिमट गई। यह किसी भी टीम का भारत के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर रहा। इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम 2023 अहमदाबाद में 66 रन पर ही सिमट गई थी।
UAE ने टी-20 में अपना लोएस्ट स्कोर बनाया
UAE ने टी-20 में अपना सबसे कम स्कोर बनाया। टीम सिर्फ 57 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले 14 मार्च 2024 को दुबई में ही स्कॉटलैंड के खिलाफ टीम 62 रन पर सिमट गई थी।
