देश-दुनिया, राजनीति

अमेरिका-इजराइल ने ईरान पर 24 घंटे में गिराए 1200 बम, ईरान बोला- खतरनाक बदला लेंगे

अमेरिका-इजराइल ने ईरान पर 24 घंटे में गिराए 1200 बम, ईरान बोला- खतरनाक बदला लेंगे

तेल अवीव/तेहरान: ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले जारी हैं। इसी बीच इजराइली वायु सेना का कहना है कि उसने अमेरिका के साथ संयुक्त हमले में बीते एक दिन में ईरान पर 1,200 से ज्यादा बम गिराए हैं। इन हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। उनके ऑफिस कॉम्प्लेक्स पर शनिवार को 30 मिसाइलों से हमला हुआ था।

इस हमले में उनकी बेटी-दामाद, बहू और पोती समेत कॉम्प्लेक्स में मौजूद 40 कमांडर्स भी मारे गए हैं। हमले के समय खामनेई कमांडर्स के साथ मीटिंग कर रहे थे। इजराइल के प्रधानमंती नेतन्याहू ने शनिवार देर रात खामनेई के मारे जाने की बात कही थी।

ईरान में 40 दिवसीय राजकीय शोक

इसके कुछ देर बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी उनके मारे जाने का दावा किया था। रविवार सुबह ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी ‘तसनीम’ और ‘फार्स’ ने इसकी पुष्टि की। खामनेई के मारे जाने पर ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक और सात दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है। ईरानी इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा, ‘हमने एक महान नेता खो दिया है और पूरा देश शोक मना रहा है।’

इधर, ईरानी सेना ने कहा कि वह सबसे खतरनाक अभियान की शुरुआत करने जा रही है। हमला कुछ देर में शुरू होगा और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

ईरान में 200 की मौत, 740 घायल

इजराइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया। हमलों से अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 148 छात्राओं की मौत हो गई और 45 घायल हैं। ईरान ने भी देशों पर जवाबी हमले किए थे।

ओमान के दुक्म बंदरगाह पर ड्रोन हमला

ओमान के दुक्म बंदरगाह पर दो ड्रोन हमले हुए हैं। एक ड्रोन वर्कर्स के रहने की जगह पर गिरा, जिससे एक विदेशी कर्मचारी घायल हो गया। दूसरे ड्रोन का मलबा ईंधन टैंकों के पास गिरा, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

कराची में अमेरिकी दूतावास के पास हिंसा में 8 मौतें

पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी दूतावास के पास हिंसा हुई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। ईदी फाउंडेशन की रेस्क्यू टीम के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने दूतावास में घुसने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाया, जिसमें कई लोग जख्मी हो गए।

UAE बोला- ईरान ने 137 मिसाइलें और 209 ड्रोन दागे

UAE के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ईरान ने शनिवार को उनके देश पर 137 मिसाइलें और 209 ड्रोन दागे। अबू धाबी एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक इंसान की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। दुनिया के सबसे बिजी एयरपोर्ट में शामिल दुबई एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया।

इजराइल ने 24 घंटे में ईरान पर 1200 बम गिराए

इजराइल की वायु सेना का कहना है कि उसने अमेरिका के साथ संयुक्त हमले में पिछले एक दिन में ईरान पर 1,200 से अधिक बम गिराए। ईरान में जिन जगहों पर हमला हुआ उनमें दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान प्रांत के मीनाब शहर में स्थित एक प्राइमरी स्कूल भी शामिल है, जहां 148 छात्राओं के मारे जाने और दर्जनों अन्य के घायल होने की खबर है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि स्कूल पर हुए हमले में निर्दोष बच्चों की हत्या कर दी गई, जिसका जवाब जरूर दिया जाएगा।

ईरान हमले से इजराइल को ज्यादा फायदा, अमेरिका को नहीं

अल जजीर ने एक्सपर्ट्स के हवाले से कहा है कि ईरान पर हमले से ज्यादा फायदा इजराइल को हो रहा है, अमेरिका को नहीं। मई में मिडिल ईस्ट दौरे के दौरान ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका अब दूसरे देशों की सरकारें बदलने की कोशिश नहीं करेगा।

उन्होंने कहा था कि पहले ऐसे कदमों से कई देशों को नुकसान हुआ है। लेकिन कुछ ही समय बाद ट्रम्प ने ईरान पर बड़ा हमला करने का आदेश दे दिया। उन्होंने कहा कि इसका मकसद ईरान में आजादी लाना है।

ईरान ने रक्षामंत्री और सेना प्रमुख के मारे जाने की पुष्टि की

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने बताया है कि शनिवार को हुए अमेरिका-इजराइल हमलों में देश के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह और सेना प्रमुख अब्दुल रहीम मौसवी की मौत हो गई। ईरान पहले ही पुष्टि कर चुका है कि सुप्रीम लीडर अली खामेनेई, उनके सुरक्षा सलाहकार अली शामखानी और IRGC प्रमुख मोहम्मद पकपोर भी इन हमलों में मारे गए। इरना के मुताबिक, सेना के कुछ और कमांडर भी मारे गए हैं। उनके नाम बाद में जारी किए जाएंगे।

अस्थायी परिषद ईरान की जिम्मेदारी संभालेगी

ईरान के संविधान के आर्टिकल 111 के मुताबिक, जब तक नया सुप्रीम लीडर नहीं चुना जाता, तब तक एक अस्थायी परिषद देश की जिम्मेदारी संभालती है। इस परिषद में तीन लोग शामिल होते हैं राष्ट्रपति मसूद पजशकियान, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुलाम-हुसैन मोहसनी-एजेई और गार्जियन काउंसिल का एक धर्मगुरु। यह अस्थायी परिषद तब तक काम करती है, जब तक असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स औपचारिक रूप से नया सुप्रीम लीडर नहीं चुन लेती।

ईरान ने हिंद महासागर में ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ चलाया

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने कहा है कि ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ के तहत हिंद महासागर में कई हमले किए गए हैं। उनका कहना है कि जेबेल अली में खड़े एक जहाज पर चार ड्रोन से हमला किया गया। यह जहाज अमेरिकी जहाजों के लिए हथियार ले जा रहा था। हमले में जहाज को भारी नुकसान हुआ और वह काम करने लायक नहीं रहा।

बयान में यह भी कहा गया कि कुवैत के अब्दुल्ला मुबारक इलाके में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया, जिससे वहां काफी नुकसान हुआ और कई सैनिक मारे गए या घायल हुए। ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस ईरान के हमले का नाम है। जब ईरान किसी हमले के जवाब में मिसाइल या ड्रोन से हमला करता है, तो वह उसे “ट्रू प्रॉमिस” कहता है। यह कार्रवाई ज्यादातर IRGC करती है।

पिछले 3 ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस को जानिए

ट्रू प्रॉमिस 1- अप्रैल 2024 में ईरान ने सीरिया में अपने दूतावास पर हमले के जवाब में इजराइल पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइल दागीं। यह पहला सीधा हमला था।
ट्रू प्रॉमिस 2- कुछ महीनों बाद ईरान ने अक्टूबर 2024 में अपने सैन्य कमांडरों की हत्या के जवाब में फिर मिसाइल और ड्रोन हमले किए और इजराइल को कड़ी चेतावनी दी।
ट्रू प्रॉमिस 3- ईरान ने पिछले साल जून में इजराइल के खिलाफ तीसरा ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान ने ईरान ने इजराइल पर हजारों मिसाइलों से हमला किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *