देश-दुनिया, राजनीति

अली खामेनेई के बेटे मुजतबा बने ईरान के नए सुप्रीम लीडर, ट्रंप बोले थे- मेरे बिना न चुनें सर्वोच्‍च नेता

अली खामेनेई के बेटे मुजतबा बने ईरान के नए सुप्रीम लीडर, ट्रंप बोले थे- मेरे बिना न चुनें सर्वोच्‍च नेता

तेल अवीव/तेहरान: ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी और देश का नया सर्वोच्‍च नेता चुना गया है। उनके नाम का ऐलान ईरानी सरकारी टीवी ने सोमवार (09 मार्च) तड़के किया। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब उनके पिता की 28 फरवरी को इजराइली हमले में मौत के बाद क्षेत्र में जारी जंग ने नया मोड़ ले लिया है।

मुजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद के प्रमुख दावेदारों में माना जाता रहा था, हालांकि उन्होंने कभी कोई निर्वाचित या औपचारिक सरकारी पद नहीं संभाला है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प कह चुके हैं कि ईरान उनके बिना नया सुप्रीम लीडर नहीं चुने। दूसरी तरफ, इजराइल ने धमकी दी थी कि वो खामेनेई के उत्तराधिकारी को भी खत्म कर देंगे।

35 साल से ईरान की सर्वोच्च सत्ता पर काबिज थे अली खामेनेई

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को US-इजराइल के हमले में मौत हो गई थी। अयातुल्ला 1989 में रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद से ईरान के सर्वोच्च नेता के पद पर काबिज थे। ईरान में 1979 की इस्लामिक क्रांति के दौरान, जब शाह मोहम्मद रजा पहलवी को हटाया गया तो खामेनेई ने क्रांति में बड़ी भूमिका निभाई थी।

इस्लामिक क्रांति के बाद खामेनेई को 1981 में राष्ट्रपति बनाया गया था। वह 8 साल तक इस पद पर रहे। 1989 में ईरान के सुप्रीम लीडर खुमैनी की मौत के बाद उन्हें उत्तराधिकारी बनाया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक अयातुल्ला धर्मगुरु की एक पदवी है। ईरान के इस्लामिक कानून के मुताबिक, सुप्रीम लीडर बनने के लिए अयातुल्ला होना जरूरी है। यानी कि सुप्रीम लीडर का पद सिर्फ एक धार्मिक नेता को ही मिल सकता है।

इराक के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक

इराक के शहर एरबिल के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन हमले को रोक दिया गया। लोकल मीडिया रुदाव के मुताबिक एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन को मार गिराया। एरबिल एयरपोर्ट पर अमेरिका की सेना भी तैनात है। यह शहर इराक के कुर्द क्षेत्र की राजधानी है।

उधर, बगदाद में भी रात के समय कई ड्रोन हमलों की कोशिश हुई। रिपोर्ट के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास कई ड्रोन को हवा में ही गिरा दिया गया।

लेबनान के दो शहरों पर इजराइल का हमला, 6 की मौत

लेबनान के दक्षिणी इलाके तैर अल-दब्बा में हुए इजराइल के हमले में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। यह जानकारी लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। इससे कुछ घंटे पहले ही पास के शहर जुइया में भी इजराइल ने हमला किया था, जिसमें 3 लोगों की मौत और 16 लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *