बरेली: होली मिलन समारोह में पहुंचे बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का ब्राह्मण समाज के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ‘राम’ उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के पंजीकरण के लिए कागजी कार्यवाही चल रही है।
अग्निहोत्री ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्टी पूरे देश में चुनाव लड़ने के लिए तैयार होगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है और 50 से 60 प्रतिशत कोर वोटर उनके साथ हैं। इसी समर्थन के आधार पर पार्टी भविष्य में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आएगी।
योगी सरकार पर साधा निशाना
अलंकार अग्निहोत्री ने मौजूदा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने लखनऊ में जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार और केंद्र सरकार द्वारा लाए गए “काले कानूनों” का जिक्र किया, जिन्हें वे “भारतीय सनातनी समाज” के खिलाफ मानते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी देश के सवर्ण समाज और सनातनी वर्ग के लिए अपनी हिस्सेदारी और भागीदारी स्थापित करेगी।
वहीं, अग्निहोत्री ने शंकराचार्य पर लगाए गए आरोपों का भी जिक्र करते हुए बताया कि 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने शंकराचार्य पर “अनर्गल आरोप” लगाए थे। इस मामले में कोर्ट ने शंकराचार्य की गिरफ्तारी पर रोक लगाने का “अच्छा निर्णय” दिया है। अब इस मामले में जल्द “दूध का दूध पानी का पानी” हो जाएगा और आरोप लगाने वाला व्यक्ति अब “गिड़गिड़ा रहा है और रो रहा है”।
केंद्र सरकार पर की भविष्यवाणी
उन्होंने केंद्र सरकार को “गैर सनातनी सरकार” बताते हुए भविष्यवाणी की कि 2026 तक “गैर सनातनी ताकतों का ध्वस्तीकरण” हो जाएगा। उनकी पार्टी अपनी स्थिति और वोट बैंक के आधार पर हर तरह के गठबंधन के लिए भी तैयार है।