Alankar Agnihotri: बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट और निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने शाहजहांपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में यूजीसी के नए नियमों को लेकर फिर जनप्रतिनिधियों पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि देशभर में विरोध की आग है, लेकिन सत्ता पक्ष के नेता खामोश बैठे हैं। अलंकार ने आरोप लगाया कि कई जनप्रतिनिधि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव जीतते हैं और उनके पास खुद का कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने कहा कि टिकट लेने के बाद ये नेता हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के सहारे चुनाव जीतते हैं, लेकिन जब जनता के मुद्दों पर बोलने की बात आती है तो चुप्पी साध लेते हैं।
प्रेस वार्ता में अलंकार अग्निहोत्री ने दी चतावनी!
प्रेसवार्ता के दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए उसकी तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह कंपनी ने धीरे-धीरे देश की सत्ता पर कब्जा किया था, उसी तरह आज हालात बनते जा रहे हैं। उनका यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। परशुराम धाम में दर्शन के बाद एक कैफे में मीडिया से बातचीत में अलंकार ने कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर होता दिख रहा है और यही वजह रही कि उन्हें अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि हालात अभी और बिगड़ सकते हैं।