उत्तर प्रदेश, राजनीति

अखिलेश यादव का सरकार से सवाल- अमेरिका-इस्राइल के हमले हमारे करीब, फिर भी ये चुप्‍पी क्‍यों?

अखिलेश यादव का सरकार से सवाल- अमेरिका-इस्राइल के हमले हमारे करीब, फिर भी ये चुप्‍पी क्‍यों?

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख व सांसद अखिलेश यादव ने गुरुवार (05 मार्च) को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘X’ से एक वीडियो पोस्‍ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, अमेरिकी-इस्राइल हमलों का हमारी सरहदों के करीब, हिंद महासागर तक पहुंचना देशवासियों के लिए चिंता का विषय है और इन अर्थों में बेहद चिंतनीय भी है कि इस गंभीर विषय पर भाजपा सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि स्पष्ट किया जाए कि इसे ‘चुप्पी’ माना जाए या किसी विशेष भय के कारण इसे ‘घिग्घी बंधना’ माना जाए। भाजपा सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि उनके होंठ किसी ने सिल दिये हैं। जनता पूछ रही है कि आपका कौन सा पत्ता दबा है?

भाजपा ने जनता का विश्वास खो दिया

अखिलेश यादव ने आगे लिखा- एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा होने के नाते ये देश की सरकार, विदेश मंत्रालय डिफेंस मिनिस्टरी का संयुक्त दायित्व बनता है कि उसे अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए, परंतु कई दिनों की प्रतीक्षा के बाद भी सरकार द्वारा मुंह न खोलने पर, इस वैश्विक मुद्दे पर विपक्ष को मजबूर होकर बोलना पड़ रहा है।

उन्‍होंने कहा कि इस संकटकाल में सरकार आगे आए और देश की जल, थल, वायु सीमाओं की रक्षा सुनिश्चित करे। जो भाजपा सरकार कुछ कह भी नहीं रही है; वो करेगी क्या, ये सोचकर देशवासी परेशान हैं। भाजपा ने जनता का विश्वास खो दिया है। ऐसा लग रहा है कि देश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है।

संसद सत्र में भी ऐसा कोई विवादास्पद विषय जरूर उठाएंगे

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अस्पष्ट नीति अपनाने का तरीका ढूंढ रही है, जिससे लोग अटकलों में ही उलझे रहें। भाजपाई आगामी संसद सत्र में भी ऐसा कोई विवादास्पद विषय जरूर उठाएंगे, जिससे भाजपा सरकार की विफलताओं पर बात ही न हो सके। देश के लिए ये समय ‘सरकार-शून्यता’ का काल है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *