उत्तर प्रदेश, राजनीति

समाजवादी समता भाईचारा रैली में अखिलेश यादव का वार, बोले- बेचने के लिए किया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन

समाजवादी समता भाईचारा रैली में अखिलेश यादव का वार, बोले- बेचने के लिए किया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन

नोएडा: नोएडा के दादरी में समाजवादी समता भाईचारा रैली को अखिलेश यादव ने रविवार (29 मार्च) को संबोधित किया। उन्‍होंने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर तंज कसा कि यूपी के 7 में से 6 एयरपोर्ट बंद हो गए हैं। कम से कम यह वादा करते जाते कि उद्घाटन के बाद इसे बेचा नहीं जाएगा। लगता तो ऐसा है कि यह उद्घाटन ही बेचने के लिए किया गया है।

सपा प्रमुख ने कहा कि मंदिर जाने पर मंदिर धुलवाने पर हमने यह दर्द महसूस किया था। हम उन नकारात्मक लोगों को मिटाना नहीं चाहते, बस समझाना चाहते हैं। अब दौर बदल गया है। अभी समय है- चालबाजी छोड़ दें, भेदभाव छोड़ दें। भविष्य उनका नहीं है। नहीं तो आज उनके झंडे उतर गए हैं, कल सत्ता के सिंहासन से भी उतार दिए जाएंगे।

जो कल रैली हुई थी उसकी तो पोल हमारे बहुत लोगों ने खोल दी

अखिलेश यादव ने कहा कि जो कल रैली हुई थी, उसकी तो पोल हमारे बहुत लोगों ने खोल दी है। कोई कैमरे से नहीं बच सकता। जो पार्टी अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बोलती है, उन्हें अपने सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा। अब भाजपा की उत्तर प्रदेश से छुट्टी तय है। इसके बाद दिल्ली से भी छुट्टी होना तय है। हम लोग तो 10 साल से सरकार में नहीं हैं। कम से कम अपनी छोटी वाली एटीएम का तो हिसाब-किताब कर लेते। इस एटीएम ने पूरी दुनिया को परेशान किया होगा।

उन्‍होंने कहा कि हम सब लोगों ने वह लड़ाई लड़ी थी, जब दूसरे लोग हमारे इतिहास, हमारे सम्राट को भी छीनना चाहते थे। 2027 में सरकार बनाइए, राजधानी लखनऊ में तमाम PDA महापुरुषों के योगदान को याद दिलाने के लिए हम रिवर फ्रंट पर प्रतिमा लगाएंगे। इस नोएडा के विकास के लिए समाजवादियों का योगदान कोई भूल नहीं सकता। ये केवल रैली नहीं, आह्वान भी है कि आने वाले समय में सामाजिक न्याय के राज को लाने के लिए हम PDA के लोग मिलकर सरकार बनाने जा रहे।

बदलाव लाना होगा, साल लगे या सदी हम पीछे नहीं हटेंगे

सपा सुप्रीमो ने कहा, PDA के लोग जानते और महसूस करते हैं कि उनके साथ भेदभाव, तिरस्कार होता है। समय-समय पर उनका सम्मान छीना जाता है। हमें बदलाव लाना होगा। इसके लिए साल लगे या सदी, हम पीछे नहीं हटेंगे। 5% लोग 95% लोगों का शोषण करके अधिकारों से वंचित करने का काम कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि बाबा साहब हमें कागज का ऐसा दस्तावेज देकर गए हैं, जो लोहे की तलवार से ज्यादा मजबूत है। चाहे जितनी भी रुकावट आए, हम लोग गैर-बराबरी खत्म करने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। PDA के लिए संविधान की रक्षा जीवन-मरण का विषय है। जो 400 सीटें जीतकर संविधान बदलने की साजिश कर रहे थे, वो 2024 में हार कर अंडरग्राउंड हो गए हैं, लेकिन संविधान तब तक खतरे में रहेगा, जब तक भाजपा है।

नौकरी भाजपा के एजेंडे में कभी नहीं रही

अखिलेश ने कहा कि नौकरी भाजपा के एजेंडे में कभी नहीं रही। क्योंकि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान के तहत जो आरक्षण है, वो उनके एजेंडे में कभी नहीं रहा। इसीलिए सरकारी नौकरी नहीं देते, पेपर लीक कराते हैं। जेवर के एयरपोर्ट को किसी ने एनओसी दिलाने का काम किया था, तो वह समाजवादी पार्टी थी। उसी का परिणाम है कि आज यहां पर एयरपोर्ट बना।

माताओं-बहनों को देंगे 40 हजार

पूर्व सीएम ने कहा कि आगे हम लोग बाजार के रेट से किसान भाइयों की जमीन लेकर उनका सम्मान करने का काम करेंगे। आने वाले समय में भरोसा दिलाना चाहते हैं कि 1090 को और मजबूत करके अपनी बहनों को सुरक्षा देने का काम करेंगे। समाजवादी पेंशन दोबारा शुरू करेंगे। अपनी गरीब माताओं-बहनों के लिए 40 हजार रुपये हर साल देकर उनका सम्मान बढ़ाने का काम करेंगे।

इससे पहले, अखिलेश ने 9वीं सदी के गुर्जर-प्रतिहार वंश के सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद गंगाजल से उनकी प्रतिमा का शुद्ध की। इस रैली को सपा के 2027 विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज माना जा रहा है।

दरअसल, पश्चिमी यूपी में गुर्जर समुदाय काफी प्रभावशाली माना जाता है। गाजियाबाद, नोएडा, दादरी, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, संभल, कैराना जैसी करीब 24 सीटों पर 20 से 70 हजार तक गुर्जर वोट हैं। अब तक यह भाजपा का साथ देता आया है। अब सपा इस गठजोड़ में सेंधमारी करना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *