Akhilesh Yadav: लखनऊ में सपा मुख्यालय में पूर्व सीएम अखिलेश यादव की मौजूदगी में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सपा का दामन थाम लिया। पहले से ही यह तय हो गया था कि नसीमुद्दीन सपा में जाएंगे। आज इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई। मालूम हो कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। पार्टी में उनका अच्छा रसूख था। इस मौके पर तीन महिला नेत्रियों समेत कई नेता सपा में शामिल हुए। समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि अखिलेश यादव से पुराने रिश्ते हैं। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं। हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे। मेरे शामिल होने से पहले पार्टी में और भी कई सीनियर नेता हैं। हमें उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत करना है। पार्टी मजबूत होगी तो हम मजबूत होंगे। हम मजबूत होंगे तो प्रदेश मजबूत होगा। प्रदेश मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा।
इस मौके पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कसा कि आज हमारे पास फूल आ गए हैं, तो किसी का फूल मुरझाता जा रहा है। राजकुमार पाल के आने से हमारे श्यामलाल पाल और मजबूत होने जा रहे हैं। कुछ लोग शंकराचार्य को भी अपमानित कर रहे। उनके साथ हम लोग हैं। शंकराचार्य शंका से परे होते हैं। इनकी भाषा ऐसी है, जब ‘मुंह खोला… तब बुरा बोला’। जो लोग अधिकारियों के माध्यम से दूसरों के सर्टिफिकेट मांग रहे हैं, उनके सर्टिफिकेट कहां हैं।
सपा मुखिया ने सीएम का नया मतलब बताया। उन्होंने कहा कि आजकल सीएम का मतलब करप्ट माउथ भी है। आज दिल्ली और लखनऊ दोनों जगह की हवा खराब है। तंज कसा कि हमारे मुख्यमंत्री जी खिलाड़ी तो हैं, लेकिन खेल नहीं पा रहे हैं। जब से भाजपा सरकार आई है तब से मंझा और गांजा बहुत पकड़ा जा रहा है। एक जगह जनसुनवाई में सांड घुस गया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले हमने 300 करोड़ से ज्यादा के राफेल खरीदे। बताओ मेक इन इंडिया का क्या हुआ? बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट का घोटाला किया जा रहा है, इसीलिए पंचायत चुनाव में देरी हो रही है। जो लोग अंगूठा लगाते हैं, बीजेपी ने फार्म-7 में उसके दस्तखत करा दिए। सपा मुखिया ने एक बार फिर जातीय जनगणना कराने पर जोर दिया।