उत्तर प्रदेश, राजनीति, स्पोर्ट्स

इकाना में मैच रद्द होने पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- मुंह ढक लीजिए, आप…

इकाना में मैच रद्द होने पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- मुंह ढक लीजिए, आप...

लखनऊ: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार (17 दिसंबर) को बिना एक भी गेंद फेंके निरस्‍त कर दिया गया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में घने कोहरे और प्रदूषण की मोटी परत (स्मॉग) की वजह से विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि खेल संभव नहीं हो सका। आधिकारिक तौर पर इसे खराब मौसम की वजह बताया गया है, लेकिन इस मुद्दे पर अब प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्टेडियम की तस्वीरें साझा करते हुए सीधे तौर पर प्रदूषण को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा दिल्ली का प्रदूषण अब लखनऊ तक पहुंच गया है। इसकी बड़ी वजह कोहरा (Fog) नहीं, बल्कि स्मॉग (Smog) है। हमने जो पार्क लखनऊ की शुद्ध हवा के लिए बनवाए थे, भाजपा सरकार वहां इवेंटबाजी करवाकर उन्हें बर्बाद कर रही है। मुंह ढक लीजिए कि आप लखनऊ में हैं।

शशि थरूर ने भी उठाए सवाल

वहीं, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी उत्तर भारत के शहरों में बढ़ते प्रदूषण और बीसीसीआई (BCCI) के शेड्यूलिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स (X) पर लिखा कि उत्तर भारत के शहरों में AQI 411 तक पहुंच गया है। ऐसे में मैच तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में कराना चाहिए था, जहां AQI अभी भी 68 के आसपास है।

विवादों में बीसीसीआई का शेड्यूल

सर्दियों के महीनों में उत्तर भारत में कोहरा और प्रदूषण एक बड़ी समस्या रहती है। ऐसे में लखनऊ, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला जैसे केंद्रों पर अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन करने के बीसीसीआई के फैसले की कड़ी आलोचना हो रही है। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि जब विजिबिलिटी कम होने का पूर्वानुमान था, तो प्रशंसकों की उम्मीदों और खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ समझौता क्यों किया गया?

बता दें कि अब सीरीज का अगला रुख अगले मुकाबले पर होगा, जो 19 दिसंबर को होने वाला है। लेकिन, लखनऊ का यह मैच रद्द होना पर्यावरण और प्रबंधन दोनों मोर्चों पर बड़े सवाल छोड़ गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *