उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

Akhilesh Yadav: जब तक बीजेपी की सरकार, तब तक संविधान खतरे में

Akhilesh Yadav: जब तक बीजेपी की सरकार, तब तक संविधान खतरे में

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में अगले साल (2027) में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये बिसातें बिछना अभी से शुरू हो गई हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग संविधान बदलने के लिए 400 सीटें जीतने की बात कर रहे थे, वे भले ही हार गए हों, लेकिन जब तक भाजपा सत्ता में है, तब तक इसका खतरा बना रहेगा. अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान खतरे में है और तब तक रहेगा जब तक भाजपा है. जब तक भाजपा की सरकार है तब तक संविधान खतरे में है. भाजपा को भीमराव अंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है. बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें एक ऐसा हथियार दिया है जो लोहे की तलवार से भी मजबूत है.

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर पर लगाए आरोप

नोएडा के दादरी में एक रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान सपा पर लगाये गये आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा उद्घाटन किए गए कई हवाई अड्डे अभी तक चालू नहीं हैं. अखिलेश यादव ने कहा, पहले भी इन्होंने हवाई अड्डों का उद्घाटन किया था, लेकिन सात में से छह अब तक चालू नहीं हैं. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा.

नोएडा के अंधविश्वास के आरोपों पर पलटवार

इससे एक दिन पहले जेवर में हवाई अड्डे का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था. मोदी ने आरोप लगाया था कि अपने कार्यकाल में सपा ने नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया था. साथ ही उन्होंने विपक्षी नेताओं पर “अंधविश्वास” के कारण गौतमबुद्ध नगर आने से बचने का तंज भी कसा था. सपा प्रमुख ने कहा, कहा गया कि हम नोएडा नहीं आते. मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि मैंने यहां अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के घर उतनी बार दौरा किया है, जितनी बार उन दोनों ने मिलकर चाय नहीं पी होगी. अखिलेश ने इस क्षेत्र में विकास का श्रेय अपनी पार्टी की पिछली सरकार को दिया, जिसमें दिल्ली मेट्रो के जरिए दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी भी शामिल है.

बीजेपी ने अखिलेश की रैली को बताया फ्लॉप शो

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्या तथा बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव की इस रैली को ‘फ्लॉप शो’ करार देते हुए कहा कि जनता सपा की असलियत जानती है और वह उसके बहकावे में नहीं आएगी. इस बीच, दादरी से भाजपा विधायक तेजपाल नागर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला. नागर ने कहा कि जो लोग आज सार्वजनिक मंचों से सम्मान और सामाजिक न्याय की बातें करते हैं, उनके कार्यों में उस संवेदनशीलता की साफ तौर पर कमी दिखाई देती है. अखिलेश दादरी के मंच से गुर्जर समुदाय को कोई ठोस संदेश देने में नाकाम रहे. सपा केवल चुनाव के समय ही कुछ खास समुदायों को लुभाने की कोशिश करती है, जबकि असलियत में उसकी एकमात्र चिंता सिर्फ राजनीतिक सत्ता हासिल करने तक ही सीमित रहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *