उत्तर प्रदेश, राजनीति

योगी सरकार और प्रशासन पर अखिलेश यादव का वार, बोले- यूपी में हथेली गर्म, पुलिस नरम

योगी सरकार और प्रशासन पर अखिलेश यादव का वार, बोले- यूपी में हथेली गर्म, पुलिस नरम

आगरा: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है। गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे पूर्व सीएम ने कहा कि यूपी में हथेली गर्म और पुलिस नरम है। हमारे मुख्यमंत्री इतना पढ़े-लिखे हैं कि न जाने क्या-क्या कहते हैं। यूपी में पुलिस की हालत खराब हो चुकी है। भाजपा की केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ जो डील की है, उससे लगता है कि हमने पूरा बाजार ही अमेरिका को दे दिया है।

इस दौरान सपा प्रमुख ने बजट पर सवाल खड़े करते हुए शहर की उपेक्षा पर सवाल किए। उन्‍होंने कहा कि यहां ताजमहल के रख-रखाव के लिए इंतजाम नहीं हैं। पूरे शहर में गंदगी और जाम की समस्या बनी हुई है।

जूता उद्योग को नहीं मिली राहत

अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में दिल्ली और लखनऊ के बजट आए हैं। दोनों में आम आदमी की उपेक्षा की गई है। आंकड़ें देखें तो पता चलेगा कि आगरा के जूता उद्योग ने अपने लिए राहत मांगते-मांगते जूते तक घिस दिए, लेकिन कुछ नहीं मिला। यमुना सफाई का जो सपना दिखाया था, उसके लिए भी बजट में कोई व्यवस्था नहीं की। यमुना जैसी थी, वैसे ही है। यमुना साफ तक नहीं हो पाई।

आगरा टूरिज्म से इकॉनोमी ट्रिलियन में पहुंच सकती है

आगरा वो शहर है, जो टूरिज्म के माध्यम से इकॉनोमी को ट्रिलियन में पहुंचा दे। फिर भी इसकी उपेक्षा की जा रही है। आगरा का नाम स्मार्ट सिटी में भी नाम आता है। मगर, अभी जहां से मैं गुजरा, वहां सड़कें उखड़ी हैं। नाले खुले पड़े हैं। चारों तरफ गंदगी है। पूरा शहर जाम है, लोग परेशान हैं।

सर्दी के समय दिल्ली और आगरा का एक्यूआई एक जैसा रहता था। इसके बावजूद भाजपा सरकार पॉल्यूशन, रोजगार, महंगाई किसी भी क्षेत्र में राहत नहीं दे पाई। भाजपा सरकार ने भू-माफियाओं को जन्म दिया है। विकास प्राधिकरणों में कुछ ही लोगों की मदद की जा रही। कुछ लोग बड़े कारोबारी बन जाएं, भाजपा यही चाहती है। सफाई के टेंडर भी ऐसे ही दिए जा रहे हैं।

अमेरिका के साथ डील करके पूरा मार्केट उनको दिया

इनके अमेरिका के साथ राज खुलने के बाद हमारे देश में अमीर, अमीर होता जाएगा और गरीब और गरीब होता जाएगा। जनता सब देख रही है। अमेरिका के साथ जो डील की है, उससे लगता है कि हमने पूरा बाजार ही अमेरिका को दे दिया है।

आज ही सुनने में आया है कि दाल नहीं आएगी। लेकिन सरकार ये तो साफ करे कि अमेरिका से कौन-कौन से एग्रीकल्चर प्रोडक्ट आएंगे, कौन से नहीं आएंगे। कोई क्लियरिटी नहीं है। क्या आगरा के आलू किसानों को क्या राहत मिली? बिजली महंगी, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं।

भाजपा अंग्रेजों का फार्मूला फॉलो कर रही

पीडीए के गठबंधन को देखते हुए भाजपा की समझ में नहीं आ रहा है कि क्या रास्ता निकालें। भाजपा हमेशा डिवाइड एंड रूल पर चलती है। जिन अंग्रेजों को डिवाइड एंड रूल के फॉर्मूले का मुखिया माना जाता था, भाजपा उसी को फॉलो कर रही है। मगर, यूपी की जनता समाजवादी की धारा पर चलकर भाजपा को हराने जा रही है।

आगरा में मेट्रो, उतनी ही चल रही है, जितनी समाजवादियों ने दी थी। ताजमहल के पास भी उतना ही विकास हुआ है, जितना समाजवादियों ने किया था। ये अपनी तरफ से कोई नया विकास कार्य नहीं करा पाए। सिर्फ मुगल म्यूजियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज कर दिया। वहां का एयरकंडीशन और बाकी काम बर्बाद हो गए।

UP में 10 सालों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल

अखिलेश यादव ने कहा कि प्राइमरी एजूकेशन का बजट 80 हजार करोड़ और सेकेंडरी का बजट 22 हजार करोड़ रुपए है। दोनों विभागों का मिलाकर बजट एक लाख करोड़ है। लेकिन 10 साल में एजुकेशन बर्बाद कर दी। शिक्षा विभाग को अच्छा चलाया गया होता, तो स्किल डेवलमेंट प्रोग्राम नहीं चलाने पड़ते। स्कूल बंद कर दिए। शिक्षा की गुणवत्ता खराब कर दी है। स्किल से नौकरी मिल जाए, ऐसे काम नहीं किए। आगरावासियों को भाजपा सरकार शुद्ध पानी तक नहीं दे पा रही।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *