बरेली: जिले के जाट रेजिमेंट सेंटर में बुधवार (11 मार्च) से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का शंखनाद हो गया है। सेना में शामिल होने का जुनून लिए 12 जिलों के हजारों युवा देर रात से ही शहर में जुटने लगे थे। आज सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच पहली दौड़ आयोजित की गई, जिसके तुरंत बाद सफल अभ्यर्थियों की नापतौल प्रक्रिया शुरू हुई। भर्ती बोर्ड ने सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं, और सेना के मुख्य अधिकारियों ने स्वयं ग्राउंड पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भर्ती में शामिल होने वाले 10,741 अभ्यर्थियों को केवल दौड़ ही नहीं, बल्कि कई कड़े पैमानों से गुजरना होगा। 1600 मीटर की दौड़ को 5.51 मिनट में पूरा करने वाले जांबाज को पूरे 60 अंक दिए जाएंगे। इसके अलावा 10 चिनअप लगाने पर 40 अंक निर्धारित हैं। फिजिकल टेस्ट में बैलेंसिंग वॉल और नौ फिट डिश के राउंड भी शामिल हैं, जिन्हें पास करना अनिवार्य है। शारीरिक परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, निवास और चरित्र प्रमाण पत्र तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
11 से 19 मार्च तक का शेड्यूल
भर्ती प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए जिलावार और ट्रेडवार दिन तय किए गए हैं। आज 11 मार्च को सभी 12 जिलों के टेक्निकल अभ्यर्थियों की परीक्षा हो रही है। कल 12 मार्च को ट्रेड्समेन (8वीं व 10वीं) और क्लर्क पदों के लिए भर्ती होगी। इसके बाद 13 से 19 मार्च तक जनरल ड्यूटी (GD) के लिए बहराइच, लखीमपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बरेली समेत अन्य जिलों के युवा अलग-अलग तिथियों पर अपना दमखम दिखाएंगे। 20 मार्च से सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
ट्रेडवार कब, किस जिले की होगी भर्ती
- 11 मार्च- अग्निवीर (टेक्निकल) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए)।
- 12 मार्च- अग्निवीर (ट्रेड्समेन 8वीं, 10वीं) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए और अग्निवीर (क्लर्क/एसकेटी)
- 13 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी।
- 14 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) शाहजहांपुर, सीतापुर।
- 15 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) संभल और पीलीभीत।
- 16 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) हरदोई।
- 17 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) फर्रुखाबाद।
- 18 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदायूं।
- 19 मार्च- अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बरेली।