उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

ट्रंप की ईरान को धमकी के बाद भारतीयों के लिए एडवाइजरी- अगले 48 घंटे जहां हैं, वहीं रहें

ट्रंप की ईरान को धमकी के बाद भारतीयों के लिए एडवाइजरी- अगले 48 घंटे जहां हैं, वहीं रहें

नई दिल्‍ली: मिडिल ईस्‍ट में जारी जंग अब ऐसे मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहां कुछ भी हो सकता है। ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले जारी हैं, जबकि ईरान भी जवाबी हमले कर रहा है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी धमकी देते हुए कहा है कि आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है। इस बीच ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए एडवाइजरी की है और उन्हें जहां हैं वहीं रहने की सलाह दी है।

भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी में कहा है कि लोगों को घर के अंदर ही रहना चाहिए और सभी पावर प्लांट और सैन्य ठिकानों के साथ-साथ बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहना चाहिए। एडवाइजरी में कहा गया है कि जो लोग दूतावास के बुक किए गए होटलों में ठहरे हैं, उन्हें अंदर ही रहना चाहिए और मौके पर मौजूद दूतावास की टीमों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना चाहिए।

ट्रंप बोले– आज रात सभ्यता खत्म हो जाएगी

डेडलाइन खत्म होने से पहले ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- ‘आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा। हमें आज रात पता चल जाएगा, जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है। 47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा।’

उन्होंने यह धमकी तब दी है, जब होर्मुज स्ट्रेट खोलने और समझौता करने की डेडलाइन खत्म होने में कुछ ही घंटे बाकी हैं। इससे पहले सोमवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा था कि ईरान को एक रात में ही खत्म किया जा सकता है और वह रात मंगलवार की रात हो सकती है।

ट्रंप की धमकी का जवाब

ट्रम्प की धमकी पर साउथ अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने जवाब दिया है। ईरान ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे कभी भूल नहीं पाएंगे। वहीं, ईरान में लोग देश के अलग-अलग इलाकों में जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर के बाहर ह्यूमन चेन बनाकर खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *