बरेली: शहर की कई नामचीन दुकानों से पहले लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। इस जांच में पास्ता मसाला, घी और तेल में मिलावट पाई गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने दुकान मालिकों के खिलाफ नोटिस जारी किया है। अगर 30 दिन में जवाब नहीं दिया गया तो कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, परसाखेड़ा स्थित एचएन फूड प्रोडक्ट्स का ‘चटपटा पास्ता मसाला’ असुरक्षित पाया गया है। इसमें फंगल ग्रोथ मिली है। वहीं, श्यामगंज स्थित मूर्ति इण्टरप्राइजेज का भुना चना औरामाईन रंग से रंगा हुआ मिला। इसके अलावा, रिच इण्डिया टी (श्यामगंज) की चायपत्ती में प्रतिबंधित ‘सनसेट यलो’ रंग पाया गया है। इज्जतनगर के मुल्ला जी चावल वाले के यहां से लिए गए ‘सप्तऋषि ब्राण्ड’ के मिर्च पाउडर में हानिकारक सूडान रंग की पुष्टि हुई है।
घी, तेल और मसालों में भी मिलावट
शहर के नामी प्रतिष्ठान दीपक स्वीट्स एण्ड आईसक्रीम (सिविल लाइन्स) का घी जांच में अधोमानक पाया गया है। इसी तरह, नारियावल स्थित बाला जी ट्रेडर्स का ‘राजहंस रिफाइंड सोयाबीन ऑयल’ और मुल्ला जी चावल वाले के यहां से लिए गए धनिया व हल्दी पाउडर मिलावटी पाई गई है। विभाग ने सभी संबंधित कारोबारियों को 30 दिन के भीतर अपील करने का समय दिया है, वरना कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि आगामी होली पर्व को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी की गई। टीम ने फरीदपुर तहसील के 09 कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया, जिसमें खामियां मिलने पर उन्हें सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
दूध और पनीर के नमूने लैब भेजे गए
गुरुवार को टीम ने शिफा डेरी (परसौना रोड) और आयूष कुमार शर्मा (प्रेमनगर) के यहां से मिश्रित दूध के नमूने लिए। वहीं, नारियावल स्थित राजेश मिल्क क्रीम विक्रेता के यहां से पनीर का सैंपल भरा गया। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय लैब भेज दिया गया है। विभाग ने साफ किया है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।