नारनौल: मुंबई के जिओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में चल रहे विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव-2025) में नारनौल की ऐतिहासिक इमारतें फिल्म निर्माताओं दिखाई गई। हरियाणवी संस्कृति को देखने के लिए बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार पहुंचे।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा लगाई गई पवेलियन में न केवल राज्य के ऐतिहासिक स्थलों को दिखाया जा रहा है, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत भी दिखाई जा रही है। इस पवेलियन में नारनौल शहर के ऐतिहासिक स्थान विशेष रूप से छाए हुए हैं। इनमें जल महल, महेंद्रगढ़ का किला, राय बाल मुकुंद का छता, ढोसी हिल्स की वीडियो लगातार प्रदर्शित की जा रही हैं जो बॉलीवुड और हॉलीवुड की प्रसिद्ध कंपनियों को लुभा रही है।
130 देशों से दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं
इतने बड़े स्तर पर पहली बार हरियाणा के सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों की प्रदर्शनी की जा रही है। इस कार्यक्रम में दुनिया के 130 देशों से कला, संस्कृति, मीडिया, फिल्म और टेक्नोलॉजी से जुड़ी प्रमुख कंपनियां और दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं हैं। इतना ही नहीं जिला महेंद्रगढ़ में फिल्माई गई झनक दार कंगना जैसी कुछ फिल्मों की झलक भी दिखाई जा रही है। फिल्म लोकेशन के हिसाब से सबसे उपयुक्त जिला महेंद्रगढ़ आने वाले समय में फिल्मकारों के लिए बेहतरीन स्थान हो सकता है। इन्हीं संभावनाओं के चलते विभाग द्वारा यह पहल की गई है।
इस आयोजन से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलने और स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं के लिए नए अवसर मिलने की उम्मीद है। जिला महेंद्रगढ़ में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की आत्मा स्कीम से दक्षिणी हरियाणा सांस्कृतिक मंच द्वारा चलाए जा रहे जिला के एकमात्र रेडियो अरावली एफएम-90.40 को भी विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है।