बरेली: इज्जतनगर के रहने वाले अभिषेक गंगवार की ताजा शिकायत ने फर्जी डिग्री मामले में पहले हुई पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिषेक ने सीबीगंज थाने में गैंगस्टर शेर अली जाफरी, उनके बेटे फिरोज अली जाफरी और खुसरो कॉलेज के प्राचार्य विश्वनाथ शर्मा सहित कई कर्मचारियों पर डी-फार्मा का फर्जी अंकपत्र देकर लाखों रुपये की फीस हड़पने और दो साल बर्बाद करने का आरोप लगाया है।
अभिषेक गंगवार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खुसरो इंस्टीट्यूट में डी-फार्मा कोर्स में दाखिला लिया था, जबकि कॉलेज को इस कोर्स की मान्यता नहीं थी। इसके बावजूद संस्थान ने उनसे फीस वसूली। कोर्स पूरा होने पर उन्हें किसी अन्य कॉलेज का अंकपत्र थमा दिया गया। ड्रग लाइसेंस के लिए ग्रीन कार्ड आवेदन भी कराया गया, जो बाद में रद्द हो गया।
पुलिस अधीक्षक सिटी मानुष पारीक ने बताया कि नई शिकायत को पुराने मामलों के साथ जोड़कर नए सिरे से विवेचना की जा रही है। उनके मुताबिक, गैंगस्टर कार्रवाई के बाद चिह्नीकरण पूरा हो चुका है।