Lucknow: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार पर लखनऊ में जनता को गंदा पानी पिलाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज जैसे वीआईपी माने जाने वाले इलाकों में हजारों लोग पिछले करीब आठ महीनों से गंदा, बदबूदार और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। इसके चलते बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं लगातार बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि बार-बार शिकायत और अनुरोध के बावजूद न तो साफ पानी की व्यवस्था की जा रही है और न ही नई बोरिंग कराई जा रही है। संजय सिंह ने सवाल किया कि क्या योगी सरकार इंदौर की तरह यहां भी लोगों की मौत का इंतजार कर रही है, तभी वह जागेगी? संजय सिंह ने योगी सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि जनता की सेहत के साथ किया जा रहा खुला अपराध है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
संजय सिंह ने कहा कि लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है, जहां मुख्यमंत्री, मंत्री और बड़े-बड़े अधिकारी रहते हैं। अगर राजधानी के बीचों-बीच सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज में जनता को पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल पा रहा है, तो प्रदेश के गांवों और कस्बों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नलों से आ रहा पानी इतना गंदा है कि उसमें बदबू आती है, कीचड़ और गंदगी साफ दिखाई देती है। मजबूरी में लोग वही पानी पी रहे हैं, जिससे डायरिया, पेट दर्द, उल्टी, बुखार और त्वचा रोग जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।
ये है यू पी की राजधानी लखनऊ में सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज के इलाके में हज़ारों लोग पिछले 8 महीने से गंदा पानी पीकर बीमार हो रहे हैं बार-बार योगी सरकार से अनुरोध कर रहे हैं लेकिन साफ़ पानी के लिए बोरिंग नही की जा रही है।
क्या इंदौर की तरह यहाँ भी लोगों की मौत का इंतज़ार हो रहा है? pic.twitter.com/mEDQGSz5fu— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) January 15, 2026
साफ पानी देना सरकार की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं
आप सांसद ने कहा कि स्थानीय लोग पिछले कई महीनों से जलकल विभाग, नगर निगम और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। लिखित शिकायतें दी गईं, अधिकारियों से मुलाकात की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। न तो पाइपलाइन बदली गई, न टंकी की सफाई हुई और न ही नई बोरिंग कराई गई। यह सीधे-सीधे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करता है। संजय सिंह ने कहा कि इंदौर में गंदे पानी से लोगों की जान जाने की घटनाएं पूरे देश ने देखी हैं। उसके बावजूद योगी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार तब तक कार्रवाई नहीं करेगी, जब तक लखनऊ में भी मौतें न होने लगें? क्या जनता की जान की कोई कीमत नहीं है? उन्होंने कहा कि साफ पानी देना सरकार की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं।
संजय सिंह ने दी सरकार को चेतावनी
संजय सिंह ने मांग की कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज इलाके में तत्काल प्रभाव से नई बोरिंग कराई जाए, दूषित पाइपलाइनों को बदला जाए और तब तक टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाए, जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता। इसके साथ ही उन्होंने गंदा पानी सप्लाई होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संजय सिंह ने चेतावनी दी कि अगर योगी सरकार ने तुरंत इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी राजधानी लखनऊ में जोरदार जन आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर जनता के हक के लिए संघर्ष करेगी।