Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने घोषणा की है कि रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो पदयात्रा 12 नवंबर से 24 नवंबर तक अयोध्या के सरयू से प्रयागराज के संगम तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश के दो सबसे गंभीर मुद्दों—बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ एक जनआंदोलन का रूप लेगी। इस यात्रा का थीम सॉन्ग मैं देश बचाने निकला हूं गीत उत्तर प्रदेश के युवाओं और आम जनता की पीड़ा को बयां करता है और उन्हें अपने हक की आवाज़ बुलंद करने के लिए प्रेरित करेगा।
हम सब साथ चलेंगे, सरयू से संगम तक
संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का वह राज्य बन गया है, जहां बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने बताया कि देश में सबसे अधिक बेरोजगार अगर किसी प्रदेश में हैं, तो वह उत्तर प्रदेश है। केवल सरकारी नौकरियों की कमी ही नहीं, बल्कि किसान, बुनकर, कुटीर और लघु उद्योग से जुड़े लोग भी आर्थिक संकट और रोजगार के अभाव से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान को अपनी फसल का उचित दाम नहीं मिलता, खाद की लाइन में जान जाती है, कर्ज के बोझ से आत्महत्या करनी पड़ती है। आशा बहुएं, आंगनबाड़ी, शिक्षा मित्र, अनुदेशक—सब आज भी नियमितीकरण की प्रतीक्षा में हैं।
आप सांसद ने यह भी कहा कि शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले से लेकर टीईटी परीक्षा की बाध्यता तक, शिक्षा क्षेत्र में भी व्यापक असमानता है। छोटे-छोटे उद्योग बंद हो रहे हैं, युवाओं के सामने रोजगार का गहरा संकट है। पदयात्रा के दूसरे प्रमुख मुद्दे पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सामाजिक भेदभाव और अन्याय के मामलों में भी देश में शीर्ष पर है। उन्होंने कहा, आज भी दलित समाज के लोगों के साथ मंदिरों, शादियों और सार्वजनिक स्थानों पर भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। आरक्षण में हेराफेरी की घटनाएं आम हैं। पुलिस थाने से लेकर तहसील तक न्याय की सुनवाई के लिए कोई दरवाज़ा खुला नहीं है। संजय सिंह ने अपील करते हुए कहा कि अगर आप बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय से त्रस्त हैं, तो 12 से 24 नवंबर के बीच निकलिए अपने मुद्दों के लिए हम सब साथ चलेंगे, सरयू से संगम तक।