बरेली: रामपुर गार्डन स्थित बिजली विभाग के एक गोदाम में मंगलवार (31 मार्च) को भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गार्डन में स्थित इस गोदाम में पुराने और खराब बिजली मीटर रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे हजारों मीटर जलकर राख हो गए। आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
आग लगने की वजह का पता नहीं चला
इस मामले पर सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल टीम को रवाना किया गया, जिसने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गोदाम में कोई बिजली कनेक्शन नहीं था, जिसके चलते आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, बिजली विभाग के कर्मचारी विनय कुमार ने बताया कि इस गोदाम का उपयोग खराब मीटरों को रखने के लिए किया जाता था। उन्होंने आशंका जताई की गोदाम के बाहर सूखे पत्तों में लगी आग की चिंगारी उड़कर अंदर पहुंचने से यह हादसा हुआ हो सकता है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये खड़ा होता है कि लोहे की चादर से ये पूरा कमरा चारों तरफ से बंद है तो पत्तों की आग अंदर कैसे पहुंची और पत्तों में आग किसने लगाई या ये आग जानबुझकर लगाई गई जैसे कई गंभीर सवाल खड़े करती है फिलहाल, इस पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।