-
कुर्मांचल नगर के भोलेनाथ मंदिर में हुआ विराट हिंदू सम्मेलन, जुटे समाज के हर तबके के लोग
बरेली: कुर्मांचल नगर के भोलेनाथ मंदिर में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग जुटे। सम्मेलन के मुख्य अतिथि महंत स्वामी सुधीर नारायण गिरी ने कहा कि भारत की आत्मा उसके संस्कारों में बसती है और जब समाज अपने मूल्यों से जुड़ता है, तभी राष्ट्र सशक्त होता है। एकजुटता ही हिंदू समाज की असली ताकत है। अगर हम बंटेंगे तो कटेंगे।
मुख्य वक्ता वृंदावन धाम के आचार्य देवव्रत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंचप्रण को वर्तमान भारत की दिशा तय करने वाला संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि समरस समाज, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य, ये पंचप्रण केवल नारे नहीं, बल्कि संगठित और आत्मनिर्भर भारत की बुनियाद हैं।

युवाओं-महिलाओं की भूमिका पर जोर
महिला वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विभाग संगठन मंत्री अवनी यादव ने युवाओं और महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचप्रण आने वाली पीढ़ियों को वैचारिक स्पष्टता देने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी को समझें और समाज को जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं।

सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रांत के बौद्धिक शिक्षण प्रमुख नरेंद्र ने पंचप्रण के सामाजिक और राजनीतिक महत्व को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा, हिंदू समाज का जागरण किसी के विरोध में नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में है। संगठित समाज ही विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण की गारंटी है। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉक्टर विकास वर्मा ने कहा कि एकजुटता किसी भी समाज की असली ताकत होती है। सनातनियों को जाति-धर्म और छोटे-बड़े का भेद भूलकर एक होना होगा तभी देश और समाज सशक्त होगा।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
महादेव सनातन जागरण समिति के अध्यक्ष सीए अशोक कुमार शुक्ला, महासचिव देवेन्द्र सिंह देवलिया, कोषाध्यक्ष डॉक्टर कुलदीप कुमार बिश्नोई ने सभी अतिथियों और श्रोताओं का आभार प्रकट किया। उमेश बिनवाल और सोपा परिहार की अगुआई में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने शानदार देशभक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के आयोजन में नगर निगम के उपसभापति नरेन्द्र सिंह अधिकारी, मनीष सिंह बिष्ट, विजय डालाकोटी, पंडित हरीश चंद्र डालाकोटी, प्रमोद पंत, पंकज सिंह अनरिया, अमित मैनाली, हिमांशु नैनवाल, गोविंद विश्वास, अरुण सिंह, सीए जोशी समेत तमाम लोगों का विशेष सहयोग रहा। ओजपूर्ण संचालन कुमार गौरव शर्मा ने किया।