Prayagraj में प्रदर्शन कर रहे UPPSC अभ्यर्थियों को घसीट कर ले गई पुलिस, तनाव की स्थिति
Prayagraj: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के सामने गुरुवार सुबह अचानक पुलिस फोर्स पहुंची और कुछ छात्रों को घसीट कर ले गई। इनमें छात्र नेता आशुतोष पांडे भी शामिल हैं, जो उसे समय धरने का नेतृत्व कर रहे थे। इस खींचतान में धरने पर बैठी कई छात्राएं चोटिल भी हो गईं। तमाम पुलिसकर्मी बिना वर्दी के थे।
छात्राओं का कहना है कि उनके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। छात्राओं के साथ अभद्रता भी हुई है। अब छात्राओं ने ही मोर्चा संभाल लिया है और धरने का खुद नेतृत्व कर रही हैं। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। धरना स्थल के चारों तरफ बैरिकेडिंग और ज्यादा कर दी गई है। छात्र पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
UP: प्रयागराज में UPPSC छात्रों का धरना प्रदर्शन जारी है. मांग है कि परीक्षाएं एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में कराई जाएं, जिससे नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया लागू ना हो. आज पुलिस ने उनको जबरन हटाने का प्रयास किया, छात्राओं ने मोर्चा संभाला#UPPSC_No_Normalization #UPPSC_ONEDAY_ONESHIFT pic.twitter.com/zjaUQhmZRT
— Shailendra Singh (@Shailendra97S) November 14, 2024
आयोग के बाहर तोड़फोड़ में सपा नेता समेत तीन को जेल
इससे पहले यूपी लोकसेवा आयोग के बाहर चल रहे प्रदर्शन के दौरान सरकारी बैरियर, कोचिंग का बोर्ड तोड़ने व अशांति फैलाने के मामले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस ने सपा नेता सहित तीन लोगों को जेल भेज दिया। सपा नेता समेत दो पर एक दिन पहले दर्ज कराए गए मुकदमे, जबकि एक अन्य आरोपी का शांतिभंग में चालान हुआ। अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
जेल भेजे गए आरोपियों में सपा लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय महासचिव राघवेंद्र यादव, अभिषेक शुक्ला व शशांक दुबे शामिल हैं। राघवेंद्र व अभिषेक सिविल लाइंस थाने में दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपी हैं। राघवेंद्र मूल रूप से जौनपुर व अभिषेक मिर्जापुर का रहने वाला है।
12 लोगों पर एफआईआर
पुलिस का दावा है कि मंगलवार को सरकारी बैरियर, कोचिंग का बोर्ड तोड़ने वालों में दोनों शामिल थे। उन्हें वीडियो फुटेज से चिह्नित किया गया है। सिविल लाइंस थाने में लोकसेवा आयोग चौकी प्रभारी कृष्णमुरारी चौरसिया की तहरीर पर कुल 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इनमें से दो नामजद जबकि शेष अज्ञात थे। पुलिस अज्ञात आरोपियों को चिह्नित करने के लिए वीडियो फुटेज खंगालने में जुटी है।
जबरन कोचिंग बंद कराने पहुंचे थे
पुलिस के अनुसार, जेल भेजा गया तीसरा आरोपी शशांक मूल रूप से करौरा, औरैया का रहने वाला है जो यहां रहकर खुद को प्रतियोगी छात्र बताता है। वह उन 10 लोगों में शामिल था जिन्हें मंगलवार को आंदोलन की आड़ में अशांति फैलाने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। इनमें से नौ को तो एसीपी कोर्ट से जमानत दे दी गई लेकिन शशांक को जेल भेज दिया गया। आरोप यह भी है कि शशांक जबरन कोचिंग बंद कराने पहुंचा था और आयोग के पास भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था।
समझिए पूरा मामला
चौकी प्रभारी की ओर से एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे आयोग के गेट नंबर दो के सामने नगर निगम के खंभे पर लगा कोचिंग का बोर्ड कुछ अराजक तत्वों ने सरकारी लोहे के मोबाइल बैरियर पर चढ़कर तोड़ दिया। सरकारी बैरियर भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
वहीं, डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने कहा कि एक दिन पहले दर्ज मुकदमे के दो नामजद आरोपियों को जेल भेजा गया है। एक अन्य का शांतिभंग में चालान किया गया है। शेष नौ को जमानत मिल गई है।



Post Comment