उत्तर प्रदेश, राजनीति

मुरादाबाद में पत्नी ने बनाया पति के कत्ल का खौफनाक प्लान, एक गलती से खुला राज

मुरादाबाद में पत्नी ने बनाया पति के कत्ल का खौफनाक प्लान, एक गलती से खुला राज

मुरादाबाद: जिले में एक पत्नी ने ही अपने पति की हत्या साजिश प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पूरे मामले का खुलासा होने पर पुलिस से लेकर परिवार तक हैरान है। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के अलावा उसके साथियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपित महिला ने रात में अपने प्रेमी (ननदोई) को पूरा प्लान बताया। कहा कि शराब पिलाकर नहर में फेंक देंगे तो लगेगा कि वह नशे की स्थिति में नहर में गिरा होगा और डूबकर मर गया। किया भी ऐसा ही।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि गोधी निवासी अख्तर अली (45) 27 जनवरी की सुबह दुकान का सामान लेने रामपुर दोराहा गया था, लेकिन वापस नहीं आया। 30 जनवरी की शाम अख्तर अली का शव सिरसवां गौड़ के पास नहर में मिला था। इस मामले में अख्तर अली के भाई अफसर अली ने अपनी भाभी सहित चार लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस ने शबीना, गांव ही रहने वाले उसके प्रेमी अल्ताफ, अल्ताफ के दो दोस्त रंजीत और सतपाल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई सच्‍चाई

पुलिस पूछताछ में अल्ताफ ने बताया कि अख्तर अली उसका सगा साला था। अख्तर अली की गैर मौजूदगी में वह उसके घर में आता था। इसी बीच शबीना और अल्ताफ के बीच संबंध हो गए थे। इसकी भनक लगने पर अख्तर अली विरोध करने लगा। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का प्लान बनाया। 27 जनवरी को शराब पिलाकर अल्ताफ ने अपने साथी रंजीत और सतपाल के साथ मिलकर अख्तर की हत्या कर दी और फिर घर आ गए थे। मंगलवार की शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

दरअसल, 35 वर्षीय शबीना के अपने 60 वर्षीय ननदोई अल्ताफ से प्रेम संबंध थे। पति ने दोनों के मिलने जुलने पर पाबंदी लगाने की कोशिश की तो पत्नी ने ही अल्ताफ को मजबूर किया कि वह मेरे पति की हत्या कर दे। बाकायदा प्लान बनाया। शबीना ने कहा था कि पहले उसके पति को शराब पिलाएं और फिर नहर में फेंक दें। 27 जनवरी को जैसे की अख्तर घर से दुकान का सामान लेने के लिए निकला। शबाना ने इसकी जानकारी अपने ननदोई को दे दी। इसके बाद अल्ताफ ने अपने दामाद से उसकी कार ले ली।

दुबई में नौकरी करते हैं अल्ताफ के चार बेटे

इसके बाद उसने अपने साथी रंजीत और सतपाल को भी कार में ही बैठा लिया। रात में उसने अपने साले अख्तर को कार में बैठा लिया और रास्ते में उसे शराब पिलाई और फिर तीनों ने अख्तर को कार से उतारकर नहर में फेंक दिया। अल्ताफ और उसके साले के परिवार एक ही गांव गोधी में रहते हैं। दोनों के घर भी आमने सामने ही हैं। अल्ताफ के चार बेटे दुबई में नौकरी करते हैं। अल्ताफ गांव में ही रहता है। पांच माह पहले तक अख्तर कपड़े की फेरी करता था। पत्नी की हरकतों की वजह से उसने बाहर जाना बंद कर दिया और परचून की दुकान खोल ली थी, जिससे पत्नी पर नजर रख सके। मगर, पत्नी ने ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसमें अख्तर को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *