नई दिल्ली: संसद में रविवार (01 फरवरी) को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 9वां केंद्रीय बजट पेश कर दिया है। बजट में विदेशी यात्रा, शिक्षा और चिकित्सा के लिए TCS दर घटाई गई है। बजट में पूंजीगत व्यय बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है और एमएसएमई, हाई-स्पीड रेल, बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर, आयुष संस्थान और मेडिकल टूरिज्म हब्स जैसे कई बड़े क्षेत्रीय और रणनीतिक निवेश की घोषणाएं की गई हैं। वहीं, केंद्रीय बजट 2026 पेश होने के बाद सत्ता पक्ष से लेकर विपक्षी नेताओं तक ने क्या कहा, ये भी जानिए…
बजट 2026 की 15 बड़ी बातें
रक्षा बजट में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रक्षा मंत्रालय को 7.8 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसमें सेना के आधुनिकीकरण पर खास फोकस है। रक्षा बलों के लिए 2.19 लाख करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च के लिए रखे गए हैं। पिछले साल यह आंकड़ा 1.80 लाख करोड़ रुपये था. नए हथियारों, उपकरणों और तैयारियों को इससे मजबूती मिलेगी।
इनकम टैक्स स्लैब जस का तस
टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, रिवाइज्ड रिटर्न फाइल करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब टैक्सपेयर्स 31 दिसंबर की जगह 31 मार्च तक संशोधित रिटर्न दाखिल कर सकेंगे।
7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान
देश में सात नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलिगुड़ी शामिल हैं।
लड़कियों के लिए हॉस्टल योजना
करीब 800 जिलों में छात्राओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे। हर जिले में कम से कम एक हॉस्टल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाएं सस्ती
कैंसर की 17 जरूरी दवाओं को आयात शुल्क से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर भी कोई ड्यूटी नहीं लगेगी।
टियर-2 और टियर-3 शहरों के लिए खोला खजाना
5 लाख से ज्यादा आबादी वाले टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया गया है।
स्कूल-कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब
देशभर में 15 हजार सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स बनाई जाएंगी, ताकि डिजिटल स्किल्स को बढ़ावा मिल सके।
3 नए आयुर्वेदिक AIIMS और मेडिकल टूरिज्म हब
तीन नए आयुर्वेदिक एम्स खोले जाएंगे। साथ ही मेडिकल टूरिज्म को बढ़ाने के लिए देश में पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब स्थापित किए जाएंगे।
ग्रामीण महिलाओं के लिए शी-मार्ट्स
ग्रामीण महिलाओं की अगुआई वाले उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए SHE (सेल्फ-हेल्प एंटरप्रेन्योर) मार्ट्स शुरू किए जाएंगे, जहां महिलाएं अपने उत्पाद बेच सकेंगी।
खेलो इंडिया मिशन को नया विस्तार
खेलो इंडिया मिशन को अगले 10 साल के लिए मजबूत किया जाएगा। इसके तहत प्रशिक्षण केंद्र बनेंगे, कोच और सपोर्ट स्टाफ को ट्रेनिंग दी जाएगी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं व लीग आयोजित होंगी।
मेडिकल टूरिज्म के लिए हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स
पांच मेडिकल हब में निजी क्षेत्र की भागीदारी होगी। यहां आयुष केंद्र, डायग्नोस्टिक सुविधाएं, पोस्ट-केयर और रिहैब सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिससे हेल्थ सेक्टर में रोजगार बढ़ेगा।
टैक्स सिस्टम में बड़े बदलाव
मोटर एक्सीडेंट क्लेम की रकम को इनकम टैक्स से पूरी तरह छूट दी गई है। नया इनकम टैक्स एक्ट 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। सरल टैक्स फॉर्म पेश किए जाएंगे ताकि आम लोग आसानी से रिटर्न भर सकें। ओवरसीज टूर पैकेज और शिक्षा-चिकित्सा खर्च पर टैक्स 5% से घटाकर 2% किया गया है। 20 लाख रुपये तक की विदेश में संपत्ति न बताने पर अब पेनाल्टी नहीं लगेगी।
पूर्वोत्तर पर फोकस, बौद्ध सर्किट बनेगा
अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा में बौद्ध सर्किट विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर सेंटर भी बनाए जाएंगे।
आयुर्वेद और योग को वैश्विक पहचान
उच्च गुणवत्ता वाले आयुर्वेदिक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा। अगले पांच साल में एक लाख स्पेशलिस्ट हेल्थ प्रोफेशनल और 1.5 लाख केयरगिवर्स तैयार किए जाएंगे। आयुर्वेद के तीन नए एम्स, दवाओं की टेस्टिंग के लिए नेशनल लैब और जामनगर में WHO ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर बनाया जाएगा।
CNG और बायोगैस सस्ती
बजट में CNG और बायोगैस को सस्ता करने का ऐलान किया गया है। इससे CNG से चलने वाले वाहनों के उपयोगकर्ताओं को सीधी राहत मिलेगी।
सत्ता पक्ष से विपक्ष तक… बजट पर सबका रिएक्शन
भारत के उज्जवल भविष्य की नींव: पीएम मोदी
केंद्रीय बजट 2026 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- “आज का बजट ऐतिहासिक है। यह देश की महिला शक्ति के सशक्त सशक्तिकरण को दर्शाता है। महिला वित्त मंत्री निर्मला जी ने लगातार नौवीं बार देश का बजट पेश करके एक नया रिकॉर्ड बनाया है। यह बजट अपार अवसरों का द्वार है। यह आज की आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदलता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है। यह बजट 2047 तक विकसित भारत की ओर हमारी उच्च उड़ान के लिए एक मजबूत आधार है। मित्रों, भारत जिस सुधार की रफ्तार पर आज चल रहा है, उसे इस बजट से नई ऊर्जा और गति मिलेगी।”
राहुल गांधी ने बताया फर्जी वादों का पिटारा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार के इस बजट पर तीखा प्रहार करते हुए इसे खोखले वादों का पुलिंदा बताया है। विपक्ष का कहना है कि बजट की हकीकत बाजार की गिरावट ने खुद बयां कर दी है।
बजट से उन्हें कोई खास उम्मीद नहीं– प्रियंका गांधी
बजट से ठीक पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बजट से उन्हें कोई खास उम्मीद नहीं है।
तीन चार व्यापारी बजट बनाकर देते हैं– रामगोपाल यादव
सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा है कि जट के कोई उम्मीद नहीं है। तीन चार व्यापारी बजट बनाकर देते हैं।
अर्थव्यवस्था में बहुत गंभीर समस्या– मनीष तिवारी
बजट पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में बहुत गंभीर समस्या है। निजी निवेश है, वह पूरी तरह से खत्म हो गया है। कोई विदेशी निवेश नहीं आ रहा है। वित्त मंत्री को इसके बारे में रोडमैप बनाना चाहिए।
अखिलेश यादव बोले- बीजेपी सरकार से उम्मीद नहीं तो बजट से क्या होगी
अखिलेश यादव ने बजट को लेकर कहा कि बीजेपी सरकार से उम्मीद नहीं है। उनकी बजट से क्या उम्मीद होगी। बजट के माघ्यम से बीजेपी अपने लोगों को सेट करती है। अच्छा बजट वहीं होता है, जिससे गरीब की खुशहाली हो।
सिर्फ तमिलनाडु की साड़ी पहनकर बजट न जारी करें, देश के लिए करें- प्रियंका चतुर्वेदी
बजट पर शिवसेना उद्धव गुट की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि निर्मला सीतारमण जी को बहुत बधाई यह उनका नौवां बजट है। उनका चुनावी राज्यों से बढ़कर देश के हित में बजट जारी करना चाहिए। देश की इकोनॉमी की दिशा उनके हाथ में है। उनको बस तमिलनाडु की साड़ी पहन कर चुनावी बजट नहीं जारी करना चाहिए, बल्कि देश के लिए बजट जारी करना चाहिए।
कवि कुमार विश्वास ने बजट पर क्या कहा?
कवि कुमार विश्वास ने बजट पर कहा कि मैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी से निवेदन करता हूं कि वे ऐसा बजट प्रस्तुत करें जिससे कर वसूली के समय जनता को बोझ महसूस न हो और जब वह राजस्व जन कल्याण के लिए उपयोग किया जाए तो पूरा देश प्रसन्न हो। मुझे आशा है कि यह बजट भारतीयों, विशेषकर मध्यम वर्ग और किसानों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा।
बजट पर क्या बोलीं कंगना रनौत?
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हम भारत के विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के और करीब पहुंचेंगे।
शिक्षा और कौशल पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक क्रांतिकारी बजट– जयंत चौधरी
जयंत चौधरी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब्स नए रचनात्मक करियर के द्वार खोलेंगे। 5 विश्वविद्यालय टाउनशिप और नियोजित शैक्षणिक क्षेत्रों के लिए समर्थन क्षेत्रीय शिक्षा केंद्रों को मजबूत करेगा और प्रत्येक जिले में एक बालिका छात्रावास सभी शिक्षार्थियों के लिए पहुंच और सम्मान सुनिश्चित करेगा। शिक्षा पर कुल लागत कर (TCS) को 5% से घटाकर 2% करने से छात्रों और परिवारों पर वित्तीय बोझ कम होगा।
बीजेपी सांसद रवि किशन ने बजट पर क्या कहा?
बीजेपी सांसद रवि किशन ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खुशी की बात है कि सरकार ने सोचा है कि कैसे फिल्म इंडस्ट्री को AI से जोड़ेंगे। कैसे ट्रेनिंग होगी। इन सबमें सरकार मदद करेगी। जहां तक विपक्ष का सवाल है तो अगर आप देश हित में नहीं देखेंगे तो आपको मैं हमेशा खराब दिखूंगा।
इमरान मसूद ने बजट पर जताई निराशा
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बजट पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा है कि हमने सोचा था कि पुराना माल नए पैकेट में बेचेंगे लेकिन इस बार खाली डब्बा है। इस बार पुराने माल का भी जिक्र नहीं किया।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर केंद्र सरकार के बजट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है किमोदी के फर्जी बजट से शेयर मार्केट धड़ाम से गिरा है।
LJP नेता चिराग पासवान ने क्या कहा?
LJP नेता चिराग पासवान ने कहा कि यह बजट विककसीत भारत को मजबूत करने का बजट है.यह विकसीत भारत का बजट है। इस बजट में ग्रामीण भारत और शहरीकरण पर बल दिया गया है। इस बजट से रोजगार निकलेगा।
पुराने सामान को नए डिब्बे में नए लेबल के साथ परोसने जैसा ही है बजट– रोहिणी आचार्य
रोहिणी आचार्य ने कहा है कि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोत्तरी कैसे होगी? इस पर बजट में कोई स्पष्टता नहीं है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा देने की बात की गयी है। मगर देश की शिक्षित व गैर-शिक्षित युवा आबादी के लिए यथार्थ में जॉब-क्रिएशन कैसे और किन-किन सेक्टर्स में होगा? देश के इस सबसे गंभीर मसले पर भी बजट में कोई स्पष्ट रोड मैप नहीं है। बिहार के लिए बाढ़ प्रबंधन, बाढ़ की रोक थाम, बाढ़ के पश्चात् पुनर्वास की व्यवस्था एवं सिंचाई के संसाधनों के निर्माण व् विकास के लिए विशेष- पैकेज दिए जाने की बेहद जरूरी व पुरानी मांग के लिए बजटीय प्रावधान का नहीं होना निराशाजनक है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने जाहिर की निराशा
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि आज रविदास जयंती है। आज के दिन मैंने सरकार से मांग की थी की छुट्टी होनी चाहिए, लेकिन बजट लेकर आए हैं। रविदास जी के लिए कोई ऐलान नहीं किया है। पंजाब के लिए बिल्कुल खराब बजट है।
जब “नायब” हो सरकार तो हरियाणा के साथ हकमारी होगी बार-बार- रणदीव सूरेजवाला
कांग्रेस नेता सूरजेवाला ने बजट को लेकर निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि हरियाणा का बजट 2026 में नामों निशान तक नहीं है.जब “नायब” हो सरकार तो….हरियाणा के साथ हकमारी होगी बार बार!
ममता बनर्जी बोलीं– दिशाहीन है बजट, अर्थव्यवस्था खत्म हो जाएगा
ममता बनर्जी ने बजट को लेकर कहा है कि बजट में एक भी पैसा बंगाल को नहीं दिया गया है। इस बजट से अर्थव्यवस्था खत्म हो जाएगा। इस बजट में केवल बोला गया है कुछ भी नहीं है। तीन कॉरिडोर बनाने की जो बात हो रही है, बजट में यह पूरी तरह से झूठ है। बजट दिशाहीन है।