उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, धर्म-कर्म, राजनीति, सोशल मीडिया

Ayodhya: मकर संक्रांति का स्नान कल, पांच लाख से अधिक श्रद्धालु लगाएंगे सरयू में डुबकी

Ayodhya: मकर संक्रांति का स्नान कल, पांच लाख से अधिक श्रद्धालु लगाएंगे सरयू में डुबकी

Ayodhya: मकर संक्रांति के पावन पर्व पर अयोध्या में आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है। प्रशासनिक आकलन के अनुसार सरयू स्नान के लिए करीब पांच लाख श्रद्धालु राम नगरी पहुंच सकते हैं। तड़के सुबह से ही सरयू घाटों पर स्नान-दान का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उधर प्रशासन ने भी सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अयोध्या समेत आसपास के जिलों अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा, बस्ती से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।

मकर संक्रांति पर सूर्य के मकर राशि में प्रवेश को लेकर स्नान-दान का विशेष महत्व माना जाता है, इसी कारण श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं बुधवार को एकादशी तिथि पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई और मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। रामलला व हनुमंतलला के दरबार में लंबी कतारें लगी रही। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम व खोया-पाया कैंप सक्रिय कर दिया गया है।

रामलला को लगेगा भोग, सूर्य मंदिर में होगा अनुष्ठान

राम मंदिर में बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। रामलला को ड़ेढ क्विंटल खिचड़ी का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामलला को खिचड़ी का भोग अर्पित करने के लिए निधि समर्पण भी किया। वहीं मंदिर परिसर में स्थित सूर्य मंदिर में विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य देव की आराधना, हवन और विशेष पूजन होगा। कारसेवकपुरम में भी बृहस्पतिवार को खिचड़ी भोज का आयोजन किया जाएगा। इसमें संघ व विहिप के कार्यकर्ताओं व मंदिर की व्यवस्था में लगे कर्मियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *