उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में टोल प्‍लाजा पर रोकी गई भाजपा विधायक की गाड़ी, हंगामे के बाद पुलिस ने खुलवाया सिग्नल

बरेली में टोल प्‍लाजा पर रोकी गई भाजपा विधायक की गाड़ी, हंगामे के बाद पुलिस ने खुलवाया सिग्नल

बरेली: बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर सोमवार को टोल कर्मियों ने बीजेपी विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल की कार को टोल पर रोक लिया। वे बिना टोल चुकाए जाना चाहते थे, लेकिन टोल कर्मी उन्हें जाने नहीं दे रहे थे। आरोप है कि उन्होंने अपना परिचय दिया, लेकिन टोल कर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनीं। दोनों में हॉट टॉक हुई। वे करीब 10 मिनट तक रोड पर ही खड़े रहे।

मामला बिगड़ते देख थोड़ी देर बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। उसके बाद पुलिस वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने टोलकर्मी को विधायक का प्रोटोकॉल बताया, जिसके बाद मैनेजर ने मांगी मांगी और उन्हें जाने दिया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

फरीदपुर में अपने कार्यालय जा रहे थे भाजपा विधायक

डॉ. श्याम बिहारी लाल, बरेली की फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक हैं। इसके अलावा वह महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में हिस्ट्री के प्रोफेसर और एचओडी भी हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को यूनिवर्सिटी में पढ़ाने के बाद मैं दोपहर में फरीदपुर में अपने कार्यालय जा रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे पर टोल पड़ता है। मेरी गाड़ी जैसे ही बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर पहुंची। टोलकर्मियों ने सिग्नल बंद कर दिया।

ड्राइवर ने सिग्नल खोलने को कहा तो टोल कर्मियों ने टोल जमा करने की बात कही। ड्राइवर ने उन्हें बताया कि गाड़ी में फरीदपुर के भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी बैठे हैं। वे जरूरी काम से जा रहे हैं। उन्हें देर हो रही है। जल्दी से सिग्नल हटाए, लेकिन टोल कर्मियों ने ड्राइवर की बात को अनसुना कर दिया।

पुलिस ने शांत कराया मामला

बताया जा रहा है कि टोल कर्मी और विधायक के बीच जमकर तीखी बहस हुई। उसके बाद विधायक श्याम बिहारी लाल ने तुंरत पुलिस को फोन किया और सारी बात बताई। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और टोलकर्मियों को विधायक का प्रोटोकॉल बताया। इसके बाद मैनेजर ने माफी मांगी और उन्हें जाने दिया गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब वायरल हो रही हैं।

विधायक बोले- टोल कर्मी जान बूझकर परेशान करते हैं

डॉ. श्याम बिहारी लाल का कहना है कि मेरी गाड़ी में विधायक वाला नया पास लगा है। मैं रोज ही उस टोल प्लाजा से फरीदपुर जाता हूं। फरीदपुर मेरी विधानसभा है। सोमवार को मैं अपने कार्यालय में SIR की मीटिंग में शामिल होने जा रहा था। उसी दौरान रास्ते में ये घटना घटी। ये टोल वाले जानबूझकर लोगों को परेशान करते हैं। ये लोग चाहते हैं कि गाड़ी में हूटर लगा हो। टोल पर पहुंचने पर हूटर बजाओ। गाड़ी में आगे पुलिसकर्मी बैठे हो। मुझे ये सब पसंद नहीं है। मैं साधारण तरीके से चलता हूं।

मैनेजर बोला- फास्टैग न होने से देर लगी

वहीं, टोल प्लाजा मैनेजर संजीव कुमार ने बताया कि विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी की गाड़ी केवल 23 सेकंड रुकी थी। उनकी कार पर फास्टैग नहीं लगा था, केवल विधानसभा पास लगा हुआ था, जिस वजह से कार का नंबर सर्च करने में कुछ समय लगा। इसी बात पर विधायक जी नाराज हो गए थे। हालांकि, हमने कर्मचारियों को बोल रखा है कि विधायक की गाड़ी और एंबुलेंस को न रोकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *