Ajay Rai: उत्तर प्रदेश सरकार लोकतंत्र की हत्या कर देने पर उतारू है। भाजपा खुद पूरी जिंदगी धरने, प्रदर्शन और रैली करती रही। लेकिन जब से उसकी सरकार आई है वह लगातार लोकतंत्र का चीर हरण कर रही है और अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोट रही है। ये आरोप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने लगाये हैं। दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आज दूसरी बार हरिओम वाल्मीकि के परिवार के साथ संवेदना प्रकट करने तथा कांग्रेस पार्टी की ओर से उनको आर्थिक सहायता प्रदान करने उनके आवास फतेहपुर जा रहे थे। अजय राय को जाने से रोक दिया गया जिस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी नोक झोंक भी हुई।
सड़क पर धरने पर बैठ गए अजय राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपनी गाड़ी से उतरकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन द्वारा अजय राय और उनके साथ मौजूद सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन भेजा दिया गया। अजय राय जी कहा कि आज हम लोग मृतक हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलने तथा उन्हें आर्थिक मदद देने के लिए उनके घर जा रहे थे लेकिन हमें जाने से रोक दिया गया। उन्होंने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार में रहते हुए एक तरफ जहां आप दलितों के प्रति हो रहे अपराधों को रोक नहीं पा रहे हैं और न ही उनके खिलाफ अपराध करने वालों को सजा दिला पा रहे हैं। संवेदनहीनता की पराकाष्ठा तो यह है कि आप समय से पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर दो बोल संवेदना के भी नहीं बोल पा रहे हैं। सत्ता के मद में डूबी यह योगी सरकार दलित विरोधी है, संवेदनहीन और निरंकुश भी है।