उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

रूस के कामचटका में आया 8.8 तीव्रता का भूकंप, पूर्वी जापान में उठीं सुनामी की लहरें

रूस के कामचटका में आया 8.8 तीव्रता का भूकंप, पूर्वी जापान में उठीं सुनामी की लहरें

टोक्‍यो: रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पास बुधवार सुबह 8.8 तीव्रता का भूकंप आया है। रॉयटर्स के अनुसार, कामचटका में 4 मीटर तक ऊंची सुनामी आई है। इसकी वजह से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि आज का भूकंप दशकों में सबसे शक्तिशाली था। उन्होंने कहा कि एक किंडरगार्टन को नुकसान पहुंचा है।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था। एजेंसी के मुताबिक भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 4:54 बजे आया। जापान के NHK टेलीविजन के अनुसार, देश के पूर्वी तट के पास एक फुट ऊंची पहली सुनामी लहरें पहुंची हैं। जापान ने अपने फुकुशिमा परमाणु रिएक्टर को खाली को करा लिया है।

हवाई में सुनामी के चेतावनी के बाद सायरन बजाना शुरू

अमेरिका के हवाई द्वीप में सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद सायरन बजना शुरू हो गए हैं।

पूर्वी जापान में समुद्र तट पर छोटी सुनामी लहरें उठीं

जापान के पूर्वी प्रान्त चिबा में कुजुकुरी समुद्र तट पर नदी में छोटी सुनामी लहरें उठती नजर आईं।

जापान के तट पर व्हेल मछलियां बहकर आईं

जापान के चिबा प्रान्त के तातेयामा शहर में कई व्हेल मछलियां बहकर तट पर आ गई हैं।

अमेरिका के हवाई में इमरजेंसी की घोषणा

कामचटका में आए भूकंप के बाद अमेरिका के हवाई राज्य में सुनामी का खतरा बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने तुरंत इमरजेंसी की घोषणा कर दी। ऐसी आशंका है कि कुछ ही घंटों में सुनामी के लहरें हवाई के द्वीपों से टकरा सकती हैं। इमरजेंसी डिपार्टमेंट ने बताया कि पहली लहर स्थानीय समयानुसार शाम 7:10 बजे (भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10:40) में आने की संभावना है।

गवर्नर जोश ग्रीन ने सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की कि वे मामले को हल्के में न लें और तटीय इलाकों से दूर जाकर ऊंची और सुरक्षित जगहों पर शरण लें। उन्होंने कहा कि इंतजार न करें, तुरंत जगह छोड़ें। हवाई के बिग आइलैंड पर एक क्रूज जहाज ने अपने यात्रियों को वापस बुला लिया। पुलिस ने वहां मौजूद खाने-पीने के ट्रकों और पर्यटकों से जगह खाली करने को कहा है।

रूस के कामचटका की तरफ बढ़ती सुनामी लहरें

जापान में परमाणु रिएक्टर को खाली कराया

सुनामी की चेतावनी के बाद जापान के फुकुशिमा परमाणु रिएक्टर को खाली कराया गया है। न्यूज एजेंसी AP से बात करते हुए रिएक्टर के संचालक ने बताया कि सेंटर से सभी मजदूरों को निकाला गया है।

अमेरिका के कैलिफोर्निया के तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी

कैलिफोर्निया के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। यहां आज दोपहर 12:20 बजे तक पहली लहर पहुंच सकती है। यहां कई लहरों के आने की आशंका है, जो 10 से 36 घंटे तक जारी रहेंगी। नागरिकों को समुद्र तट और बंदरगाहों से दूर रहने के लिए कहा गया है।

अमेरिका में भारतीय कॉन्सुलेट जनरल ने अलर्ट जारी किया

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय कॉन्सुलेट जनरल ने भी लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। कैलिफोर्निया, अमेरिका के पश्चिमी तटीय राज्यों और हवाई में रहने वाले भारतीयों से इन 4 चीजों को करने को कहा गया है।

  • अमेरिकी अधिकारियों, लोकल इमरजेंसी मैनेजमेंट और अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सेंटर की तरफ से जारी अलर्ट पर नजर रखें।
  • अगर सुनामी की चेतावनी जारी होती है तो ऊंची जगहों पर चले जाएं।
  • तटीय इलाकों में जाने से बचें।
  • इमरजेंसी के लिए तैयार रहें और अपनी डिवाइस को चार्ज रखें।
  • भारतीय कॉन्सुलेट जनरल ने हेल्पलाइन नंबर +1-415-483-6629 भी जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *