लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को PAC के 78वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में शामिल होने 35वीं बटालियन पहुंचे। उनको सलामी देने के बाद PAC जवानों ने कई व्यायाम प्रदर्शन किए। दो सेकेंड में मलखंब पर पिरामिड बना दी तो पीटी टीम ने तीन सेकेंड में कमलाकृति बनाकर दिखा दी। कई कठिन योगासन सेकेंडों में किए। आग के गोलों के बीच करतब दिखाए।
यह सब देख मुख्यमंत्री योगी ताली बजाते रहे। उन्होंने कहा कि ये जवान आतंकियों से भी लोहा लेते हैं। स्थापना दिवस समारोह 35वीं वाहिनी PAC ग्राउंड महानगर में मनाया गया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट जवानों, सर्वोत्तम वाहिनी, सर्वश्रेष्ठ बाढ़ राहत दल, उत्कृष्ट खिलाड़ी, बेस्ट पुलिस मॉडर्न स्कूल और मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए।
सीएम योगी ने 78 वर्ष को गौरवशाली बताया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएसी को 78 वर्ष के गौरवशाली इतिहास के लिए आज उनके स्थापना दिवस पर हृदय से बधाई देता हूं। 78 वर्ष पीएसी के सुशासन शौर्य, त्याग और समर्पण का गौरवशाली इतिहास है।
उन्होंने कहा कि पीएसी आंतरिक सुरक्षा की व्यवस्था को सुचारु रूप से करती है। भारत के लोकतंत्र के महापर्व के समय को सुनिश्चित करने के साथ अग्रिम मोर्चे पर रहकर काम करता रहा है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 17, 2025
संसद पर हुई कायराना हरकत का जवाब PAC ने दिया था
सीएम योगी ने कहा कि 13 दिसंबर, 2001 को देश की संसद पर हुई कायराना हरकत का जवाब उस समय 30वीं वाहिनी के जवानों ने दिया था। सभी 5 आतंकवादियों को मार गिराया था। जुलाई 2005 में अयोध्या में हुए आतंकी हमले में भी आतंकवादियों को PAC जवानों ने मार गिराया था।
उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने पीएसी की 46 कंपनियों को पुनर्जीवित करके उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में अत्यंत सफलता प्राप्त की है। उन्हें तकनीक के स्तर पर और भी आगे बढ़ाने का काम जारी है।
PAC में 41698 आरक्षियों की भर्ती की
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि PAC में सुधार करते हुए A,B,C ग्रेड सुनिश्चित किया जा रहा है। 41698 आरक्षियों की भर्ती की गई। सेवा के दौरान दिवंगत हुए जवानों के 376 आश्रितों को सेवायोजन प्रदान किया गया। पीएसी में पदोन्नति के और अधिक अवसर प्रदान करने के लिए पदों में वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, पुलिस कल्याण योजना के अंतर्गत 31 पुलिस स्कूल संचालित हैं। जवानों को मार्केट से कम दाम पर उनके डेली समान लिया जा सके इसलिए 13 कैंटीन संचालित हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव हो या कोई दूसरा संवेदनशील मोर्चा है, सबमें PAC बल अपना योगदान दे रहा है। हमने इनका खेल बजट 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया है।