वाराणसी: दालमंडी में रविवार (29 मार्च) को 30 मकानों को तोड़ा जा रहा है। मजदूर छेनी-हथौड़ी और बुलडोजर से मकान गिरा रहे हैं। इस दौरान मौके पर 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर गली में आवाजाही रोक दी है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। प्रशासन के मुताबिक, इन सभी मकानों की रजिस्ट्री करवा ली गई है। हिस्सेदारों के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर दिए गए हैं।
ईद को लेकर कार्रवाई रोकी गई थी। इससे पहले भी 22 जर्जर मकान तोड़े जा चुके हैं। दरअसल, दालमंडी गली को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 51वें काशी दौरे पर इसका शिलान्यास किया था। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से 215.88 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। 186 घर और दुकान मालिकों को 191 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए जाएंगे।
दालमंडी गली का होगा चौड़ीकरण
PWD के अफसरों के मुताबिक, नई सड़क से लेकर चौक थाने तक 650 मीटर लंबी दालमंडी गली को 60 फीट चौड़ा किया जाना है। इसमें 30 फीट की सड़क और दोनों तरफ 15-15 फीट की पटरी होगी। इसके अंदर बिजली, सीवर और पानी की व्यवस्था अंडरग्राउंड की जाएगी। तारों का जंजाल साफ किया जाएगा।
कार्रवाई से पहले दुकानदार दुकानों को खाली कर रहे
दालमंडी में सेवई, मिठाई और खजूर की दुकानों को भी गिराने की तैयारी चल रही है। ऐसे में दुकानदार जल्द से जल्द दुकानों से सामना निकालकर खाली कर रहे हैं। प्रशासन के लोग और फोर्स यहां मुस्तैद है। सुबह से ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है।
दालमंडी में परवेज हसन ने कहा कि यहां हम सबकी रोजी रोटी जा चुकी है, सरकार रोजगार दे नहीं पा रही है। यहां चौड़ीकरण किया जा रहा है। मगर, सरकार को इसका मुवावजा देना चाहिए था। दालमंडी के लोगों के साथ अन्याय कर रही सरकार।
दुकानदार मांग रहे 24 घंटे का और समय
बुलडोजर लेकर दुकान तोड़ने पहुंचे अधिकारियों से दुकानदार हाथ जोड़कर समय मांग रहे। दुकानदारों को कहना है कि हमें बस 24 घंटे का समय और दे दीजे। हम दुकान खाली कर देंगे। नहीं तो हमारा बहुत नुकसान हो जाएगा।
ACP माइक लेकर लोगों से हटने की अपील कर रहे हैं
एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी माइक लेकर अनाउंस कर रहे हैं। वह लोगों से मौके से हटने के लिए कह रहे हैं। एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आज 30 मकानों को चिह्नित किया गया है, जिन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त फोर्स लगाई गई है। कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात है और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।