पणवी: गोवा के अरपोरा इलाके में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट होने से 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हैं। मृतकों में चार टूरिस्ट और 14 स्टाफ शामिल हैं, जबकि सात लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, क्लब में करीब 12 बजे सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। यह इतना जोरदार था कि कुछ ही मिनटों में आग पूरे क्लब में फैल गई। फायर ब्रिगेड ने काफी देर की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।
सीएम प्रमोद भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो मौके पर पहुंचे। CM ने बताया कि तीन लोगों की मौत जलने और बाकी की मौत दम घुटने से हुई है। हादसे की पूरी जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया गया था। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और फोरेंसिक (FSL) टीम आग की असली वजह की जांच कर रही है।
किचन से शुरू हुई आग, सीढ़ियों पर मिले शव
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि 23 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में ज्यादातर क्लब में काम करने वाले कर्मचारी थे। डीजीपी ने कहा- आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर में बनी रसोई से क्लब के दूसरे हिस्सों में फैली। इसलिए सबसे ज्यादा शव किचन एरिया से मिले हैं। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढ़ियों पर हुई।
वहीं, चश्मदीद फातिमा शेख के अनुसार, आग लगते ही अंदर जोरदार भगदड़ मच गई। उस समय क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी और करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर थे। जैसे ही धुआं और लपटें दिखीं, कई लोग घबराकर नीचे की ओर भागे और गलती से ग्राउंड फ्लोर के किचन में पहुंच गए। वहां पहले से मौजूद स्टाफ भी फंस गया।
CM सावंत बोले- जिम्मेदारों पर एक्शन लेंगे
मुख्यमंत्री सावंत ने X पर पोस्ट कर बताया कि आज का दिन गोवा के लिए बहुत दुखद है। अरपोरा में लगी भीषण आग में 23 लोगों की मौत हो गई। मैं बेहद दुखी हूं और इस कठिन समय में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने मौके पर जाकर हालात देखे और इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

उन्होंने बताया कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग कैसे लगी और क्या वहां फायर सेफ्टी और बिल्डिंग के नियमों का सही तरह पालन किया गया था या नहीं। जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
BJP MLA ने क्लबों का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की
BJP MLA माइकल लोबो ने कहा कि राज्य के सभी क्लबों का सेफ्टी ऑडिट करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट गोवा को हमेशा एक सुरक्षित जगह मानते हैं, लेकिन इस घटना बहुत चिंताजनक है और आगे ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि टूरिस्ट और इन क्लबों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे अहम है। लोबो ने बताया कि हादसे में ज्यादातर लोग बेसमेंट की तरफ भागते समय दम घुटने से मारे गए।